जिला स्तरीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता 2026-27 का हुआ शुभारंभ
लखीसराय। दिनांक 29 सितंबर 2026 से 01 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाली जिला स्तरीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता 2026-27 का आज विधिवत शुभारंभ जिला पदाधिकारी, लखीसराय श्री शैलेंद्र कुमार एवं अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा किया गया। तीन दिवसीय इस खेल प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के बालक एवं बालिका वर्ग के प्रतिभागी विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रतियोगिता के अंतर्गत एथलेटिक्स में बालक एवं बालिका वर्ग के लिए 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 600 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर, 3000 मीटर एवं 5000 मीटर दौड़ के साथ-साथ गोला फेंक, ऊँची कूद एवं लंबी कूद जैसी स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त क्रिकेट, शतरंज, कबड्डी, योग, कराटे, कुश्ती सहित अन्य खेल विधाओं में भी प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न स्पर्धाओं के परिणाम भी घोषित किए गए। अंडर-19 बालक वर्ग के 400 मीटर दौड़ में गोविंद प्लस टू उच्च विद्यालय, मानो के छात्र विवेक कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्लस टू उच्च विद्यालय, खुटहा के छात्र सुदामा कुमार द्वितीय तथा संत मैरी स्कूल, सूर्यगढ़ा के छात्र सौरभ कुमार तृतीय स्थान पर रहे।
अंडर-17 बालिका वर्ग की 800 मीटर दौड़ में प्लस टू उच्च विद्यालय, अभयपुर की छात्रा अन्नू कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्लस टू उच्च विद्यालय, मानिकपुर की छात्रा खुशी कुमारी द्वितीय तथा प्लस टू उच्च विद्यालय, खुटहा की छात्रा सोनाली कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।
अंडर-19 बालिका वर्ग में मध्य विद्यालय, धीरा की छात्रा चांदनी कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दुलारी कुमारी द्वितीय तथा दिव्या कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।
अंडर-14 बालक वर्ग की गोला फेंक प्रतियोगिता में प्लस टू उच्च विद्यालय, बड़हिया के छात्र निलेश कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सुमित कुमार द्वितीय तथा मोहम्मद नियाज तृतीय स्थान पर रहे।
अंडर-17 बालक वर्ग की गोला फेंक प्रतियोगिता में संत मैरी स्कूल, सूर्यगढ़ा के छात्र सुधांशु रंजन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कर्ण कुमार द्वितीय तथा गोविंद कुमार तृतीय स्थान पर रहे।
वहीं, अंडर-14 बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ में प्लस टू उच्च विद्यालय, बड़हिया की छात्रा तान्या कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रिया कुमारी द्वितीय तथा ऋषिका भारती तृतीय स्थान पर रहीं।
जिला पदाधिकारी ने प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने एवं बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं।
तीन दिवसीय इस जिला स्तरीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से बड़ी संख्या में प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता,श्री नीरज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी, श्री मुकुल पंकज मणि, नजारत उप समाहर्ता सुश्री प्राची कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित अन्य पदाधिकारी एवं अन्य उपस्थित थे।
49 views | Lakhisarai, Bihar | Sep 30, 2026