सुंदर सिंह ठाकुर का मंत्री बनना तय, हाईकमान स्तर पर बनी सहमति: गौतम ठाकुर
Kullu Times
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गौतम ठाकुर ने कहा है कि कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को प्रदेश मंत्रिमंडल में शामिल किया जाना लगभग तय है और इस संबंध में पार्टी हाईकमान स्तर पर सहमति बन चुकी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष जातीय समीकरण सहित अन्य मुद्दों को उठाकर इस मामले पर राजनीतिक बयानबाजी कर रहा है।
गौतम ठाकुर ने कहा कि यह संभव है कि कांगड़ा से किसी अन्य विधायक को मंत्रिमंडल में शामिल करने के लिए जातीय एवं क्षेत्रीय संतुलन को आधार बनाया गया हो, लेकिन मंडी संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकमात्र प्रमुख मांग और आवाज सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल करने की है।
उन्होंने कहा कि सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल करने में हुई देरी का खामियाजा कांग्रेस को पिछले पंचायत चुनावों में जिला कुल्लू में भुगतना पड़ा। यदि सुंदर सिंह ठाकुर समय रहते मंत्रिमंडल का हिस्सा होते तो जिले की चारों विधानसभा सीटों में पंचायत चुनावों के परिणाम कांग्रेस के पक्ष में कहीं बेहतर हो सकते थे।
गौतम ठाकुर ने कहा कि कुल्लू जिला का प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ताओ के इलावा कुल्लू का युवा सुंदर सिंह ठाकुर को हिमाचल प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल में देखने के लिए उत्साहित है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव से पहले कुल्लू के विधायक को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की घोषणा हो सकती है।
उन्होंने कहा कि सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाए जाने से न केवल कुल्लू बल्कि पूरे मंडी संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा होगा और संगठन को भी मजबूती मिलेगी।
Sunder Singh Thakur
Kullu, Kullu | Oct 4, 2026