स्वतंत्रता दिवस पर श्री राधा कृष्ण गौशाला में पौधारोपण, हरियाली बढ़ाने का लिया संकल्प
श्री राधा कृष्ण गौशाला, दारेवाला Ahmedpur darewala
अहमदपुर दारेवाला। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर श्री राधा कृष्ण गौशाला, अहमदपुर दारेवाला में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत अहमदपुर दारेवाला सरपंच प्रतिनिधि अनिल कालड़ा गंगू तथा ग्राम पंचायत की ओर से पौधे लगाए गए।
इस अवसर पर गौशाला कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्य, गोभक्त, ग्राम पंचायत के सभी पंच सदस्य तथा ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान गौसेवा के साथ-साथ गौशाला परिसर को हरा-भरा एवं स्वच्छ बनाने का संकल्प लिया गया।
सरपंच प्रतिनिधि अनिल कालड़ा गंगू ने कहा कि गौशाला केवल गोसेवा का केंद्र ही नहीं, बल्कि स्वच्छ एवं हरित वातावरण का भी उदाहरण बननी चाहिए। इसी उद्देश्य से गौशाला में “हरियाली बढ़ाओ अभियान” की शुरुआत की गई है, जिसके तहत आने वाले समय में अधिक से अधिक फलदार एवं छायादार पौधे लगाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि श्री राधा कृष्ण गौशाला ऐसी आदर्श गौशाला बने, जहां गोवंश की सेवा के साथ-साथ चारों ओर हरियाली, स्वच्छता और सुंदर वातावरण दिखाई दे। उन्होंने ग्रामीणों एवं गोभक्तों से आह्वान किया कि वे भी इस अभियान से जुड़ें और गौशाला में अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाएं।
कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने गौसेवा को आगे बढ़ाने तथा गौशाला को जिले की सबसे अधिक हरियाली वाली गौशालाओं में शामिल करने का संकल्प लिया।
Dabwali, Sirsa | Aug 15, 2026