सदर बाजार में मृत वानर का विधि-विधान से अंतिम संस्कार, मानवता की मिसाल पेश की
मुरैना। सदर बाजार में एक वानर की मौत के बाद स्थानीय लोगों ने संवेदनशीलता और मानवता की मिसाल पेश करते हुए उसका पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया। वानर के निधन की सूचना सदर बाजार अध्यक्ष तिजेंद्र खेरा को मिली, जिसके बाद उन्होंने नगर निगम कर्मचारी एवं श्मशान प्रभारी नीलेश कारखुर तथा अमन कारखुर को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलने पर नीलेश कारखुर, अमन कारखुर के साथ आशिफ कुरैशी और शिवसिंह खटीक बढ़ोखर मुक्ति धाम पहुंचे। यहां सभी ने मिलकर गड्ढा खोदकर वानर को श्रद्धापूर्वक दफनाया।
वानर के अंतिम संस्कार के दौरान मौजूद लोगों ने पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ उसे प्रभु चरणों में समर्पित किया। इस संवेदनशील पहल ने यह संदेश दिया कि इंसानियत और करुणा केवल मनुष्यों तक सीमित नहीं, बल्कि बेजुबान जीवों के प्रति भी हमारा दायित्व है।
स्थानीय लोगों ने इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि मृत वानर को सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई देकर सभी ने समाज में जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता और सेवा भावना का उदाहरण प्रस्तुत किया।
#morena #मुरैना #वायरल #वानर