सेवा संकल्प अभियान के तहत निवाड़ी एवं तरीचरकलां में नुक्कड़ नाटक का आयोजन
‘नमो सेवा की अनकही कहानी’ के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवा भावना का दिया संदेश
--
सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री रोहन सक्सेना के मार्गदर्शन में बुधवार को निवाड़ी विकासखंड के विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।
संस्कृति विभाग एवं मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनसामान्य तक सेवा, समर्पण और जनकल्याण से जुड़े संदेशों को सरल एवं प्रभावी माध्यम से पहुंचाना रहा।
नुक्कड़ नाटक ‘नमो सेवा की अनकही कहानी’ की थीम पर आधारित रहा। कलाकारों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से सेवा भावना, सामाजिक सहभागिता और जनहित के कार्यों के महत्व को रेखांकित किया। नाटक के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया गया कि समाज के विकास में प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता महत्वपूर्ण है और सामूहिक प्रयासों से सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
नुक्कड़ नाटक की पहली प्रस्तुति अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद शासकीय महाविद्यालय, निवाड़ी में आयोजित की गई। महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों ने कलाकारों की प्रस्तुति को रुचि के साथ देखा। कलाकारों ने संवाद, अभिनय एवं गीतों के माध्यम से विषय को रोचक तरीके से प्रस्तुत किया, जिससे दर्शकों में जागरूकता का संदेश पहुंचा।
इसके बाद दूसरी प्रस्तुति नगर परिषद तरीचरकलां में आयोजित की गई। यहां भी स्थानीय नागरिकों ने नुक्कड़ नाटक का अवलोकन किया और कलाकारों द्वारा प्रस्तुत संदेशों को सराहा। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने जनसेवा और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े विषयों को सहज भाषा में प्रस्तुत करते हुए लोगों को जागरूक किया।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि श्री राजेश पटेरिया, श्री नंदकिशोर नापित, श्री बृजेंद्र पाल, श्री मंगेश रमपुरिया, श्री महेश झारखड़िया, श्री कमलेश चौरसिया सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #jansamparkMP #niwari
1 views | Niwari, Madhya Pradesh | Oct 1, 2026