खलीलाबाद ब्लॉक का डीडीओ ने किया औचक निरीक्षण, अभिलेख व साफ-सफाई व्यवस्था पर जताया संतोष
#संतकबीरनगर। जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) रुक्मणी वर्मा ने बुधवार को विकास खंड खलीलाबाद का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थापना, मनरेगा, आईजीआरएस, एनआरएलएम सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पटलों के अभिलेखों की गहनता से जांच की तथा योजनाओं के क्रियान्वयन, अभिलेखों के संधारण और कार्यालय व्यवस्था की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक मिली, जबकि अभिलेख भी सुव्यवस्थित पाए गए। इस पर डीडीओ ने संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और जवाबदेही बनाए रखते हुए प्रत्येक कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। साथ ही कार्यालय की व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाए रखने और अभिलेखों के नियमित अद्यतन पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार श्रीवास्तव, बड़े बाबू अखिलेश शर्मा, एडीओ (आरडी) अशोक गुप्ता, ब्लॉक प्रशासनिक अधिकारी अशोक कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
#UttarPradesh #santkabirnagar