🚨सतपुली: मेहर गांव में मकान ढहने से दर्दनाक हादसे मे मलबे से तीन शव बरामद
पौड़ी गढ़वाल: सतपुली के मेहर गांव में मंगलवार सुबह मकान ढहने से दर्दनाक हादसा हो गया। मकान के मलबे में लोगों के दबे होने की सूचना पर SDRF की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जिला पुलिस, तहसील प्रशासन व ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
SDRF जवानों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मलबे को व्यवस्थित तरीके से हटाकर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। अभियान के दौरान मलबे में दबे तीन लोगों के शव एक-एक कर बरामद किए गए। सभी शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
रेस्क्यू टीम ने घटनास्थल के संभावित सभी स्थानों पर गहन तलाशी ली। किसी अन्य व्यक्ति के मलबे में दबे होने की संभावना नहीं मिलने के बाद बचाव अभियान समाप्त कर दिया गया।
मृतकों की पहचान:
- मथुरा देवी (80), पत्नी स्वर्गीय प्रताप सिंह, निवासी मेहर गांव
- धीरेंद्र सिंह (44), पुत्र स्वर्गीय प्रताप सिंह, निवासी मेहर गांव
- एक 5 वर्षीय बालक, जिसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है।