लखीसराय उत्पाद कार्यालय परिसर में 3,138.655 लीटर जब्त शराब का हुआ विनष्टीकरण
लखीसराय। आज दिनांक 07 अक्टूबर 2026 को जिला पदाधिकारी, लखीसराय श्री शैलेंद्र कुमार की उपस्थिति में लखीसराय उत्पाद कार्यालय परिसर में विभिन्न मामलों में जब्त शराब का नियमानुसार विनष्टीकरण किया गया। इस दौरान उत्पाद थाना एवं पुलिस पक्ष से जब्त शराब का निर्धारित प्रक्रिया के तहत विनष्टीकरण किया गया।
विनष्टीकरण के क्रम में उत्पाद थाना पक्ष से कुल 2468.565 लीटर तथा पुलिस पक्ष से कुल 670.090 लीटर शराब का विनष्टीकरण किया गया। इस प्रकार कुल 3138.655 लीटर जब्त शराब को नियमानुसार नष्ट किया गया।
जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को शराबबंदी कानून के प्रभावी अनुपालन तथा अवैध शराब के कारोबार पर पूर्णतः अंकुश लगाने हेतु निरंतर निगरानी एवं कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, लखीसराय श्री प्रेरणा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, लखीसराय श्री प्रभाकर कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), लखीसराय, अधीक्षक मद्यनिषेध, लखीसराय श्री दीपक कुमार सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, लखीसराय श्री रवि कुमार सहित उत्पाद विभाग एवं पुलिस विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
1 views | Lakhisarai, Bihar | Oct 7, 2026