प्रतापगढ़ के अंतू थाना क्षेत्र की महिला कांस्टेबल की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है
ड्यूटी पर तैनात महिला कांस्टेबल केसरी वर्मा का निधन, पुलिस लाइन में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
बस्ती के थाना लालगंज में तैनात महिला कांस्टेबल केसरी वर्मा (30) का शनिवार तड़के इलाज के दौरान जिला चिकित्सालय में निधन हो गया। उनके निधन की सूचना से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस लाइन में अपर पुलिस अधीक्षक समेत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
बताया जा रहा है कि प्रतापगढ़ की मूल निवासी केसरी वर्मा 28 जुलाई 2018 को आरक्षी के पद पर पुलिस सेवा में भर्ती हुई थीं। वह अवकाश समाप्त होने के बाद 22 अगस्त को प्रतापगढ़ से ट्रेन पकड़ने के लिए मोटरसाइकिल से आ रही थीं। रास्ते में दुर्घटना होने से उनके सिर में चोट लग गई थी। इसके बाद उन्होंने थाना लालगंज पहुंचकर अपनी आमद कराई और वहीं रहकर उपचार करा रही थीं। उनके पति कांस्टेबल नागेंद्र वर्मा भी थाना लालगंज में ही तैनात हैं। इतने के बावजूद उसे छुट्टी नहीं मिली थी
शनिवार रात करीब तीन बजे अचानक केसरी वर्मा की तबीयत बिगड़ गई। पति और थाने के अन्य पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक लालगंज पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और नियमानुसार पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई।
पुलिस लाइन में शोक धुन के बीच जवानों ने शोक सलामी दी। अधिकारियों और कर्मचारियों ने परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने दिवंगत महिला कांस्टेबल के पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम विदाई दी।
Pratapgarh, Pratapgarh | Aug 30, 2026