*इंदौर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगी मजबूती*
-----
*मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चार अत्याधुनिक फायर बाइक जनता को समर्पित कीं*
इंदौर, 16 अगस्त 2026
इंदौर शहर में अग्नि दुर्घटनाओं के दौरान त्वरित राहत एवं बचाव कार्य को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में चार अत्याधुनिक फायर बाइक अग्निशमन विभाग के बेड़े में शामिल की गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज इन फायर बाइक को जनता को समर्पित किया।
चारों फायर बाइक विशेष रूप से शहर की सकरी गलियों, भीड़भाड़ वाले बाजारों तथा ऐसे क्षेत्रों में आग बुझाने के लिए उपयोगी होंगी, जहां बड़े फायर वाहनों का पहुंचना कठिन होता है। इससे अग्नि दुर्घटना की सूचना मिलने पर फायर विभाग की टीम कम समय में घटनास्थल तक पहुंचकर प्रारंभिक स्तर पर आग पर प्रभावी नियंत्रण कर सकेगी।
*छप्पन दुकान और सराफा जैसे क्षेत्रों में होगी विशेष उपयोगिता*
इंदौर के छप्पन दुकान, सराफा बाजार सहित अन्य व्यस्त एवं संकरे बाजार क्षेत्रों में आग लगने की स्थिति में बड़े फायर वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचाने में कई बार कठिनाई होती है। ऐसे स्थानों पर फायर बाइक अग्निशमन दल के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होंगी। कॉम्पैक्ट आकार के कारण इन्हें भीड़भाड़ एवं संकरी गलियों से आसानी से घटनास्थल तक पहुंचाया जा सकेगा।
*40 लीटर पानी और 4 लीटर फोम की क्षमता*
प्रत्येक फायर बाइक में 40 लीटर तक पानी और 4 लीटर फोम रखने की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा घटनास्थल के आसपास बोरिंग अथवा अन्य जल स्रोत उपलब्ध होने पर फायर बाइक के माध्यम से वहां से पानी लेकर भी आग बुझाने की कार्रवाई की जा सकेगी।
*कर्मचारियों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण*
फायर बाइक के प्रभावी संचालन के लिए अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षित कर्मचारी इन फायर बाइक के माध्यम से घटनास्थल पर तेजी से पहुंचकर आग पर प्रारंभिक नियंत्रण, नागरिकों की सुरक्षा तथा आवश्यकतानुसार बड़े फायर वाहनों के लिए मार्ग प्रशस्त करने की कार्रवाई करेंगे।
चार अत्याधुनिक फायर बाइक के अग्निशमन बेड़े में शामिल होने से इंदौर की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी तथा आपात परिस्थितियों में नागरिकों को त्वरित अग्निशमन सेवा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, सांसद श्री शंकर लालवानी, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, विधायक श्रीमती मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़, श्री मधु वर्मा, श्री गोलू शुक्ला, श्री रमेश मेंदोला, संभागायुक्त श्री भास्कर लक्षकार, पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल, श्री सुमित मिश्रा, श्री श्रवण चावड़ा, श्री मेघराज जैन, श्री बाबू सिंह रघुवंशी, श्री सावन सोनकर, श्री गौरव रणदिवे, श्री प्रताप करोसिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
----
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Collector Office Indore
4 views | Indore, Madhya Pradesh | Aug 16, 2026