विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने सेवा सेतु अभियान के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा स्टॉलों पर मौजूद अधिकारियों-कर्मचारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन एवं पात्र हितग्राहियों को मिल रहे लाभ की जानकारी ली।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में अनेक जनहितकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए लगातार अभियान संचालित किए जा रहे हैं। इन अभियानों के माध्यम से जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी आमजन के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाएं लोगों की जिंदगी बदल रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र लोगों को पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं छोटे-छोटे व्यापारियों को स्ट्रीट वेंडर योजना का लाभ देकर उन्हें सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि सेवा सेतु अभियान के तहत आयोजित शिविरों में आमजन पहुंचकर शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और अपनी समस्याओं का यथासंभव निराकरण कराएं। शिविर में आजीविका मिशन, उद्योग विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जहां नागरिकों को विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्रीमती आशा भंडारी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री आनंद राय सिंहा, एलडीएम श्री अमित चौरसिया, पार्षद सिल्लू रजक, श्री राकेश सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
#सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #शहडोल #shahdol
Shahdol, Madhya Pradesh | Oct 4, 2026