Public App Logo
पानीपत पुलिस ने ट्रेस किए गुम हुए 55 मोबाइल, एसपी भूपेंद्र सिंह ने उनके मालिकों को लौटाए तो खिल उठे चेहरे पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में जिला पुलिस की साइबर सेल टीम ने गुम हुए मोबाइल फोन का सर्च अभियान चलाकर लोगों के 15 लाख रूपए से अधिक कीमत के गुम हुए 55 मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किए। बुधवार को पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में मोबाइल मालिकों को उनके फोन सौंपे। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस का आभार जताया। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने बताया कि लोगों ने गुम हुए अपने मोबाइल फोन की शिकायत हर समय पोर्टल व साइबर सेल में की हुई थी। साइबर सेल प्रभारी सब इंस्पेक्टर हिमांशु की टीम ने तकनीकी माध्यमों से मोबाइल फोन को ट्रेस करने का लगातार प्रयास किया। टीम ने 55 गुम मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता हासिल की। बरामद मोबाइल अलग अलग कंपनी के है, इनमें 5 हजार से लेकर 85 हजार रूपए तक के मोबाइल शामिल है। इनकी कुल कीमत 15 लाख रूपए से अधिक आकी गई है। मोबाइल के वारसानों को आज जिला पुलिस के सभागार में बुलाकर उन्हें उनका गुम हुआ मोबाइल फोन सौंप दिए गए है। पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने बताया कि जिला पुलिस की साइबर सेल ने जुलाई माह में 12 लाख रूपए कीमत से ज्यादा के 50 गुमशुदा मोबाइल फोन व जून माह में 11 लाख रूपए से अधिक कीमत के 47 मोबाइल फोन ट्रेस कर उनके मालिकों को सौपें गए थे। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल फोन गुम होने पर लापरवाही न बरतें और तुरंत गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाएं तथा संबंधित पोर्टल पर जानकारी दें। समय पर शिकायत मिलने से पुलिस को मोबाइल को ट्रेस करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि गुम हुआ मोबाइल यदि किसी आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति के हाथ लग जाए तो उसका गलत इस्तेमाल किया जा सकता है। इसलिए मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देना बेहद जरूरी है। नागरिकों की शिकायतों पर पानीपत पुलिस की साइबर सेल लगातार तकनीकी माध्यमों से गुम मोबाइल फोन को ट्रेस करने का प्रयास कर रही है। - Panipat News