दो साल से बदहाल सरची की मुख्य सड़क, करोड़ों खर्च के दावों के बावजूद हालात जस के तस: शौरी
बस सेवा बंद, छोटे वाहनों का आवागमन भी जोखिमपूर्ण; मुख्यमंत्री की घोषणा के एक वर्ष बाद भी सड़क सुधार का इंतजार
बंजार। ग्राम पंचायत सरची की एकमात्र मुख्य सड़क पिछले करीब दो वर्षों से बदहाली का शिकार है। सड़क की खराब स्थिति के कारण जहां बस सेवा दो वर्ष से अधिक समय से बंद है, वहीं छोटे वाहनों के लिए भी इस सड़क पर आवाजाही बेहद जोखिमपूर्ण बनी हुई है। सड़क की स्थिति को देखते हुए किसी भी समय गंभीर हादसा होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
बंजार विधायक सुरेंद्र शौरी ने इस संबंध में वीडियो जारी करते हुए प्रदेश सरकार पर सड़क एवं ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के प्रति गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरची सड़क की बदहाली सरकार के विकास के दावों की जमीनी हकीकत को सामने लाती है।
विधायक शौरी ने कहा कि करीब एक वर्ष पूर्व प्रदेश के मुख्यमंत्री स्वयं सरची गांव में रात्रि ठहराव कर चुके हैं। उस दौरान ग्रामीणों की मांग पर सड़क के सुधार के लिए धन उपलब्ध करवाने की घोषणा भी की गई थी। लेकिन घोषणा के एक वर्ष बाद भी सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को सरची की जनता से की गई अपनी घोषणा को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना चाहिए।
शौरी ने आरोप लगाया कि आपदा के दौरान केंद्र सरकार से प्रदेश को उपलब्ध करवाए गए बजट का सरकार ने जिस तरह खर्च किया, उस पर भी सवाल उठ रहे हैं। करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद बंजार विधानसभा क्षेत्र की कई सड़कें आज भी सामान्य यातायात के लिए पूरी तरह बहाल नहीं हो पाई हैं। उन्होंने कहा कि सरची की मुख्य सड़क इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है, जिसे पर्याप्त रूप से छोटे वाहनों के लिए भी सुचारू नहीं किया जा सका है।
विधायक ने कहा कि बंजार विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत लगभग सभी प्रमुख और ग्रामीण सड़कों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। कहीं सड़कें क्षतिग्रस्त हैं तो कहीं यातायात जोखिमपूर्ण बना हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार को कागजों और घोषणाओं से बाहर निकलकर धरातल पर काम करने की आवश्यकता है।
उन्होंने प्रदेश सरकार की ‘सुख की सरकार’ वाली राजनीति पर भी निशाना साधते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जनता सड़कों, परिवहन और मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है, जबकि सरकार ‘सुखी परिवार’ जैसे नारों और योजनाओं का ढोंग करके वास्तविक समस्याओं से त्रस्त जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
शौरी ने सरकार से मांग की कि सरची की मुख्य सड़क की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाकर सड़क का स्थायी सुधार एवं सुरक्षित यातायात बहाल किया जाए, ताकि ग्रामीणों को लंबे समय से चली आ रही परेशानी से राहत मिल सके।
Kullu, Kullu | Sep 29, 2026