पंचकूला में भारी बारिश, पुलिस ट्रेनिंग कैंप का पुल बहा:नाले में 2 युवक डूबे, एक रेस्क्यू; सुखना-घग्गर उफान पर
हरियाणा के पंचकूला और इससे लगते इलाकों में मंगलवार दोपहर से हो रही भारी बरसात के बाद घग्गर समेत दूसरे नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया। घग्गर में आए पानी के कारण नाडा साहिब गुरुद्वारा के पास पुलिस ट्रेनिंग कैंप का पुल बह गया। श्यामटू की नदी में एक किसान भी फंस गया जिसे लोगों ने रस्सी के सहारे निकाला।
पंचकूला के सेक्टर-17 की राजीव कॉलोनी के पास बरसाती नाले में दो युवक बह गए। मौके पर पहुंची NDRF टीम ने इनमें से एक युवक को बचा लिया। दूसरे युवक के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। नाले का पानी राजीव कॉलोनी में घुसने से रोकने के लिए मिट्टी के बैग लगाने पड़े।
पिंजौर-नालागढ़ हाईवे पर सुखना नदी में पानी अचानक बढ़ जाने से निचले इलाकों में रहने वाले लोग घबराए हुए हैं। पंचकूला में ही अलीपुर-खटोली पुल टूट जाने के बाद पुलिस ने इस पर दोनों तरफ से ट्रैफिक बंद करवा दिया।
इस बीच चंडीगढ़ और मोहाली में भी भारी बरसात के बाद कई इलाकों और सड़कों पर पानी भर गया। चंडीगढ़ के सेक्टर-28 B में सड़क धंस गई तो सेक्टर-22 की मोबाइल मार्केट में दुकानों के अंदर पानी घुस गया।
अलीपुर-खटोली पुल टूटा, दोनों तरफ से मार्ग बंद
भारी बरसात के बाद पंचकूला में अलीपुर से खटोली को जोड़ने वाला पुल क्षतिग्रस्त होकर टूट गया। किसी तरह के हादसे बचने के लिए पंचकूला ने पुल की ओर जाने वाली सड़क पर दोनों तरफ से बैरिकेडिंग लगाकर रास्ता बंद कर दिया।
#panchkula #panchkulanews #chandigarhnews #panchkulasocialmedia