रोडवेज बसों की कमी के विरोध में छात्रनेता रवि मसीत के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन, कई घंटे चला आंदोलन
रोडवेज बसों की कमी से विद्यार्थियों की परेशानी के विरोध में छात्रों ने किया जोरदार प्रदर्शन, बसें चलाने के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ आंदोलनं
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार।
विद्यार्थियों को रोजाना आवागमन में हो रही परेशानी और रोडवेज बसों की लगातार कमी के विरोध में छात्रनेता रवि मसीत के नेतृत्व में विद्यार्थियों एवं एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों का कहना था कि पर्याप्त संख्या में रोडवेज बसें उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें रोजाना कॉलेज एवं यूनिवर्सिटी आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार विद्यार्थियों को बसों की कमी के चलते घंटों तक इंतजार करना पड़ता है, जिसके कारण उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
इसी समस्या को लेकर छात्रों ने आज एकजुट होकर आंदोलन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने रोडवेज बसों को रोककर अपना विरोध दर्ज कराया। आंदोलन के दौरान मौके पर काफी हंगामा हुआ और स्थिति को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचा। विद्यार्थियों ने रोडवेज विभाग और संबंधित अधिकारियों के सामने अपनी मांग रखते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं की संख्या के हिसाब से पर्याप्त बसें चलाई जाएं, ताकि उन्हें रोजाना आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
आंदोलन कई घंटों तक लगातार चलता रहा। छात्रों का कहना था कि यह समस्या आज की नहीं है, बल्कि लंबे समय से विद्यार्थी रोडवेज बसों की कमी से परेशान हैं। सुबह और छुट्टी के समय बसों में अत्यधिक भीड़ रहती है और पर्याप्त बसें नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को बसों में चढ़ने तक के लिए संघर्ष करना पड़ता है। कई विद्यार्थी समय पर यूनिवर्सिटी और कॉलेज नहीं पहुंच पाते हैं।
प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने विद्यार्थियों से बातचीत कर मामले को शांत करवाने का प्रयास किया। इसके बाद विश्वविद्यालय अथॉरिटी एवं पुलिस प्रशासन की मध्यस्थता से रोडवेज कर्मचारियों की ओर से विद्यार्थियों को आश्वासन दिया गया कि विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बसों का संचालन सुचारू रूप से किया जाएगा। साथ ही विश्वविद्यालय की बस को भी चलाया गया, जिसके बाद विद्यार्थियों ने अपना आंदोलन समाप्त किया।
छात्रनेता रवि मसीत ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्र रोजाना बसों की कमी के कारण परेशान हो रहे हैं और कई बार उन्हें मजबूरी में घंटों इंतजार करना पड़ता है। विद्यार्थियों की यह मांग पूरी तरह जायज है कि उनकी संख्या के अनुसार पर्याप्त रोडवेज बसों का संचालन किया जाए।
रवि मसीत ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा प्राप्त करने के लिए आने-जाने में परेशानी हो और प्रशासन आंखें बंद करके बैठा रहे, यह स्वीकार नहीं किया जाएगा।* छात्रों ने आज शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज प्रशासन तक पहुंचाई है। रोडवेज बसें चलाने का आश्वासन मिलने और विश्वविद्यालय की बस शुरू होने के बाद फिलहाल आंदोलन समाप्त किया गया है।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में दोबारा रोडवेज बसों की संख्या कम की गई या विद्यार्थियों को इसी प्रकार परेशानी का सामना करना पड़ा तो छात्र संगठन एक बार फिर मजबूती से आवाज उठाएगा और आवश्यकता पड़ने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
छात्रों ने प्रशासन से मांग की कि बसों के संचालन की नियमित निगरानी की जाए और विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए पर्याप्त संख्या में बसें उपलब्ध कराई जाएं, ताकि किसी भी छात्र-छात्रा को पढ़ाई छोड़कर बसों के लिए घंटों इंतजार न करना पड़े।
रवि मसीत ने कहा कि छात्रों की सुविधा और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा। विद्यार्थियों की जायज मांगों को लेकर वे हर स्तर पर आवाज उठाएंगे और यदि प्रशासन ने भविष्य में लापरवाही की तो छात्र एकजुट होकर फिर से आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
Rewari, Rewari | Aug 19, 2026