धामी सरकार का वरिष्ठजनों को बड़ा तोहफा! 9.93 लाख पेंशनरों के खातों में ₹147.34 करोड़, CM बोले—“हर बुजुर्ग का सम्मान, सुरक्षा और सुविधा मेरी जिम्मेदारी”
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर CM धामी ने दिव्यांगजन सिविल सर्विस कोचिंग का किया शुभारंभ, 23 वरिष्ठ नागरिकों समेत छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित
देहरादून। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के नींबूवाला स्थित हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजन सिविल सर्विस कोचिंग का शुभारंभ किया और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 23 वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया। निबंध एवं पेंटिंग प्रतियोगिता में चयनित पांच छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का सबसे अहम पहलू रहा वन क्लिक के माध्यम से सितंबर माह की पेंशन राशि का भुगतान। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 9,93,886 पेंशनरों के खातों में ₹147 करोड़ 34 लाख 53 हजार की पेंशन राशि जारी की।
“वृद्धजन परिवार के सुरक्षाकवच”
मुख्यमंत्री धामी ने वरिष्ठजनों को परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि उनके सानिध्य से परिवार स्वयं को सुरक्षित महसूस करता है। वृद्धजनों से बच्चों को संस्कार, जीवन के अनुभव और आदर्श मिलते हैं।
उन्होंने कहा कि वृद्धजन परिवार के सुरक्षाकवच होते हैं। उनके कारण घर में अनुशासन, अपनापन और आत्मीयता बनी रहती है और उनके कारण ही घर में ईश्वर का वास होता है।
मुख्यमंत्री ने अपने माता-पिता के संस्कारों को याद करते हुए कहा कि उनके स्वर्गीय पिता की सीख आज भी उनका मार्गदर्शन करती है, जबकि माता का आशीर्वाद उन्हें शक्ति देता है।
“हर वरिष्ठजन का सम्मान, सुरक्षा और सुविधा मेरी जिम्मेदारी”
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह प्रदेश के मुख्य सेवक होने के साथ-साथ उत्तराखंड के बेटे भी हैं। राज्य के प्रत्येक वरिष्ठजन का सम्मान, सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों को प्रतिमाह ₹1,500 पेंशन दे रही है और पति-पत्नी दोनों को अलग-अलग पेंशन का लाभ दिया जा रहा है। वर्तमान में प्रदेश के 9 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को पेंशन का लाभ मिल रहा है।
वृद्धाश्रम नहीं, परिवार में सम्मान से रहें बुजुर्ग
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश में वृद्धाश्रमों की व्यवस्था को लगातार मजबूत कर रही है। वर्तमान में बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में राजकीय वृद्धाश्रम संचालित हैं, जबकि देहरादून, अल्मोड़ा और चंपावत में नए वृद्धाश्रम भवनों का निर्माण कराया जा रहा है।
हालांकि मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी दृष्टि में वरिष्ठजनों को वृद्धाश्रम में नहीं, बल्कि अपने परिवार के बीच सम्मान के साथ रहने का अधिकार मिलना चाहिए।
उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए केंद्र सरकार की अटल वयो अभ्युदय योजना, माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम और दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से वरिष्ठजनों को मुफ्त इलाज की सुविधा भी मिल रही है।
वरिष्ठजनों के कल्याण की दिलाई शपथ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को वरिष्ठजनों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए कार्य करने की शपथ दिलाई। साथ ही “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।
समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने कहा कि भारतीय संस्कृति में बड़ों के सम्मान की परंपरा सदियों पुरानी है। उन्होंने युवाओं से वरिष्ठजनों का सम्मान करने और जरूरत के समय उनकी सहायता करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विधायक सविता कपूर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, दायित्वधारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
@topfans Uttarakhand live 24 Pushkar Singh Dhami #Uttarakhand #UttarakhandNews #Dehradun #PushkarSinghDhami #DhamiGovernment #InternationalDayOfOlderPersons #SeniorCitizens #Pension #UttarakhandGovernment #SocialWelfare #DivyangCoaching #AyushmanBharat #DehradunNews #UttarakhandLive24 #उत्तराखंड #देहरादून #धामी_सरकार #मुख्यमंत्री_धामी #वृद्धजन #वरिष्ठ_नागरिक #पेंशन #जनकल्याण #एक_पेड़_मां_के_नाम