मझौलिया की चार पंचायतों में लगा सहयोग शिविर, जिलाधिकारी तरनजोत सिंह पहुंचे, आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मझौलिया प्रखंड की जौकटिया, माधोपुर, रुलही और डुमरी पंचायत में मंगलवार को बिहार सरकार के निर्देश पर सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई तथा आवेदन लिए गए। जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने जौकटिया पंचायत सरकार भवन परिसर में पौधारोपण किया और माधोपुर में शिविर का निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को आवेदनों का निर्धारित समय सीमा में निष्पादन करने का निर्देश दिया। बीडीओ डॉ. राजीव रंजन कुमार ने बताया कि शिविर में प्राप्त करीब 91 प्रतिशत आवेदनों का निष्पादन कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि शिविर से ग्रामीणों को विभिन्न कार्यालयों का चक्कर लगाने से राहत मिल रही है। इस दौरान साइबर फ्रॉड से बचने, ओटीपी व बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करने, नशे से दूर रहने तथा प्लास्टिक का उपयोग कम करने की अपील की गई। शिविर में मुखिया कुंती देवी, संगीता देवी, पम्मी सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों का सहयोग रहा।