मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में 216 दिन पुरानी शिकायत का मौके पर निराकरण
..
ग्राम आमखेड़ा में अतिक्रमण हटाकर आवागमन सुगम कराया, नामांतरण, पात्रता पर्ची और हैंडपंप संबंधी समस्याओं का भी तत्काल समाधान
..
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत प्रशासन द्वारा ग्रामीणों की लंबित समस्याओं का मौके पर पहुंचकर समाधान किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत सरेखों के ग्राम आमखेड़ा में शिकायतकर्ता अनिल यादव की 216 दिन पुरानी शिकायत का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिकायत में शासकीय मार्गों पर रहवासियों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण आवागमन बाधित होने तथा ग्रामीणों को दैनिक कार्यों में परेशानी होने की बात सामने आई थी।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरवाई श्री मनीष कुमार जैन द्वारा जन विश्वास अभियान के दौरान ग्राम चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया गया। समस्या की वास्तविक स्थिति जानने के लिए अधिकारियों ने पूरे ग्राम का भ्रमण किया। मौके पर शासकीय मार्गों पर किए गए अतिक्रमण को चिन्हित कर संबंधित अतिक्रमणकर्ताओं को समझाइश दी गई। आपसी सहमति और संवाद के माध्यम से समस्या का समाधान करते हुए ग्रामीणों के आवागमन का मार्ग सुगम कराया गया।
12 प्रकरणों में नामांतरण की प्रक्रिया शुरू -
ग्राम सभा के दौरान पटवारी द्वारा बी-1 का वाचन कराया गया। इसमें 12 ऐसे प्रकरण सामने आए, जिनमें संबंधित भूमि स्वामियों की मृत्यु हो चुकी थी और राजस्व अभिलेखों में आवश्यक कार्रवाई लंबित थी। प्रशासन द्वारा मौके पर ही पंचनामा एवं सजरा तैयार कराकर नामांतरण की प्रक्रिया प्रारंभ कराई गई। इससे संबंधित परिवारों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।
मौके पर जारी हुई पात्रता पर्ची -
जन विश्वास अभियान के अंतर्गत ग्राम भ्रमण के दौरान ग्राम सरेखों निवासी रामबाबू अहिरवार पुत्र बारेलाल ने पात्रता पर्ची जारी करने की मांग रखी। अधिकारियों ने मामले को तत्काल संज्ञान में लेते हुए ग्राम सचिव एवं खाद्य विभाग के अधिकारी से समन्वय किया और मौके पर ही पात्रता पर्ची जारी कराई। इससे हितग्राही को शासन की खाद्यान्न योजना का लाभ प्राप्त करने का रास्ता साफ हुआ।
सार्वजनिक हैंडपंप को अतिक्रमण से कराया मुक्त -
इसी दौरान भूरी बाई कुर्मी द्वारा सार्वजनिक हैंडपंप पर निजी व्यक्ति द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत की गई। शिकायत पर प्रशासनिक अमला तत्काल मौके पर पहुंचा। जांच में सार्वजनिक हैंडपंप के आसपास की गई निजी फेंसिंग को हटवाकर हैंडपंप को सर्वसामान्य के उपयोग के लिए मुक्त कराया गया। कार्रवाई के बाद ग्रामीणों को पेयजल सुविधा का निर्बाध उपयोग सुनिश्चित हुआ।
एक वर्ष से बंद हैंडपंप भी सुधारा गया -
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत 14 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत सरेखों के नोडल अधिकारी एवं एसडीएम कुरवाई श्री मनीष कुमार जैन के समक्ष ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से बंद हैंडपंप की समस्या भी रखी गई। ग्रामीणों के अनुसार यह हैंडपंप लगभग एक वर्ष से बंद था। अभियान की भावना के अनुरूप त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 अगस्त को ही हैंडपंप का सुधार कार्य कराया गया, जिससे ग्रामीणों को पेयजल सुविधा पुनः उपलब्ध हो गई।
अवैध शराब बिक्री के विरुद्ध भी कार्रवाई -
जन विश्वास अभियान के दौरान ग्रामीणों से प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए ग्राम पंचायत सरेखों में अवैध रूप से शराब बेचने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। प्रशासन द्वारा अन्य लंबित समस्याओं के शीघ्र निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का त्वरित एवं मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है। ग्राम सरेखों और आमखेड़ा में हुई कार्रवाई से यह संदेश गया है कि ग्रामीणों की समस्याओं को केवल आवेदन तक सीमित न रखते हुए प्रशासन द्वारा मौके पर पहुंचकर समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई की जा रही है। #vidisha
40 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Aug 15, 2026