देकुली महोत्सव में कलाकारों ने बांधा समां, शास्त्रीय संगीत और लोक कलाओं ने मोहा दर्शकों का मन
-----------------------------
शिवहर। जिले के ऐतिहासिक देकुली धाम परिसर में बुधवार को आयोजित ‘देकुली महोत्सव’ में कला और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। भव्य सांस्कृतिक संध्या में शास्त्रीय संगीत, पारंपरिक नृत्य और लोक कलाओं की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित हजारों दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
महोत्सव में कला जगत के मंझे हुए कलाकारों के साथ-साथ शिवहर की स्थानीय प्रतिभाओं ने भी अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। विशेष रूप से आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र, शिवहर के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत शास्त्रीय संगीत, पारंपरिक नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध कलाकार मौसम राजा और अशोक अलबेला सहित अन्य नामचीन कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। उनके गीतों और प्रस्तुतियों पर दर्शक देर तक झूमते रहे। प्रत्येक प्रस्तुति के बाद तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा देकुली धाम परिसर गूंज उठा।
देकुली महोत्सव का मुख्य उद्देश्य जिले की समृद्ध लोक कला, संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं बढ़ावा देना तथा युवा पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ना रहा। महोत्सव के मंच से स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित करने और लोक कलाओं को नई पहचान देने का भी संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, गणमान्य नागरिक और कला प्रेमी मौजूद रहे। दर्शकों ने देर रात तक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया और महोत्सव को ऐतिहासिक एवं सफल आयोजन बताया।
District Administration Sheohar Bihar Police Sheohar Police Khel Vibhag Sheohar Information & Public Relations Department, Government of Bihar Deoc Sheohar Dlsa Sheohar