साइबर अपराधों से बचाव के लिए जिला पुलिस का जागरूकता अभियान तेज
थाना साइबर क्राइम के प्रभारी रविंद्र कुमार ने हिंदू गर्ल सीनियर सेकेंडरी स्कूल जगाधरी तथा बस स्टैंड जगाधरी में पहुंचकर छात्रों और आमजन को दिए सुरक्षा के महत्वपूर्ण सुझाव*
यमुनानगर (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना साइबर क्राइम के प्रभारी रविंद्र कुमार ने हिंदू गर्ल सीनियर सेकेंडरी स्कूल जगाधरी तथा बस स्टैंड जगाधरी में पहुंचकर छात्र-छात्राओं और आमजन को साइबर फ्रॉड से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस दौरान लोगों को जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और ठग नए-नए तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। ऐसे में जिला पुलिस द्वारा विभिन्न शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि वे साइबर अपराधियों के झांसे में आने से बच सकें।
किसी कड़ी में कार्य करते हुए थाना साइबर क्राइम के प्रभारी रविंद्र कुमार ने हिंदू गर्ल सीनियर सेकेंडरी स्कूल जगाधरी में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाता, एटीएम कार्ड, ओटीपी, पासवर्ड और अन्य निजी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। इसके अलावा सोशल मीडिया पर आने वाले संदिग्ध लिंक, फर्जी नौकरी के ऑफर, लॉटरी, निवेश योजनाओं और ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर होने वाली ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी गई।
बस स्टैंड जगाधरी में भी पुलिस टीम ने यात्रियों और आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। लोगों को बताया गया कि यदि किसी के साथ ऑनलाइन ठगी होती है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या साइबर क्राइम पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करें। समय पर शिकायत करने से ठगी गई राशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और नागरिकों ने भी साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल और प्रभावी ढंग से जवाब दिया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। जिला पुलिस का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि समाज को साइबर अपराधों से सुरक्षित बनाया जा सके।