*मोतिहारी शहर के बड़े कपड़ा व्यवसायी के यहाँ जीएसटी विभाग का छापा*
व्यवसायी ने तत्काल किए 40 लाख रुपये GST जमा।
मोतिहारी, 1 अक्टूबर 2026। वाणिज्य-कर आयुक्त-सह-सचिव, बिहार, पटना के निर्देश पर मोतिहारी के पंचमंदिर चौक स्थित एम.एस.त्रिदेव वस्त्रालय में जीएसटी विभाग की निरीक्षण की कार्रवाई जारी है। यह कार्रवाई जीएसटी विभाग, मोतिहारी एवं जीएसटी अन्वेषण ब्यूरो, मुजफ्फरपुर की संयुक्त टीम द्वारा की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान की लेखा-पुस्तों, खरीद-बिक्री अभिलेखों, जीएसटी रिटर्न, कर भुगतान विवरण, स्टॉक रजिस्टर, इनवॉयस तथा अन्य संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इसके साथ ही उपलब्ध माल का भौतिक सत्यापन कर उसका खरीद अभिलेखों एवं लेखांकन में दर्ज स्टॉक से मिलान किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में प्रतिष्ठान में करोड़ों रुपये मूल्य का स्टॉक पाए जाने की जानकारी सामने आई है। उपलब्ध स्टॉक, खरीद-बिक्री अभिलेखों एवं जीएसटी रिटर्न में घोषित टर्नओवर एवं उस पर देय जीएसटी के भुगतान की स्थिति का भी परीक्षण किया जा रहा है।
अब तक प्राप्त अभिलेखों एवं तथ्यों के आधार पर यह सामने आया है कि प्रतिष्ठान द्वारा वस्तुओं की खरीद के बाद सकल लाभ अथवा मूल्यवर्धन (वैल्यू एडिशन) जोड़कर उनकी बिक्री की जाती रही है। इस मूल्यवर्धन पर देय जीएसटी के नकद भुगतान से संबंधित विसंगतियां प्रकाश में आई हैं, जिनकी विस्तृत जांच की जा रही है।
संतोष कुमार, राज्य-कर संयुक्त आयुक्त (प्रभारी), मोतिहारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान के स्वामी द्वारा जीएसटी के रूप में तत्काल 40 लाख रुपये जमा किए गए हैं। शेष जांच पूरी होने के बाद जीएसटी अधिनियम के प्रावधानों के तहत सक्षम प्राधिकरण द्वारा देय कर, ब्याज एवं शास्ति का निर्धारण कर उसकी वसूली की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने करदाताओं से स्वैच्छिक एवं समयबद्ध कर अनुपालन सुनिश्चित करने तथा वास्तविक कारोबार का सही लेखांकन करते हुए देय कर का समय पर भुगतान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमानुसार कर भुगतान से राज्य के राजस्व में वृद्धि होगी तथा इससे बिहार के विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों में योगदान मिलेगा।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar