दुर्ग में बुधवार रात नवनिर्माण समिति के गरबा कार्यक्रम में मुस्लिम युवकों की एंट्री को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और समिति के पदाधिकारियों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल से धक्का-मुक्की भी हुई थी। इस घटनाक्रम को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा और बजरंग दल पर निशाना साधा है।भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा और आरएसएस के बड़े नेताओं के परिवारों में भी मुस्लिमों के यहां रिश्ते हुए हैं। वे पहले अपना घर सुधारें, फिर दूसरों को धर्म का ज्ञान दें।
दरअसल, दुर्ग नवनिर्माण समिति के गरबा कार्यक्रम में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और समिति के पदाधिकारियों के बीच विवाद हुआ था। इसके अगले दिन यानी गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल उसी गरबा पंडाल में पहुंचे और मां दुर्गा की महाआरती की। इस दौरान भूपेश बघेल ने घटनाक्रम को लेकर बयान दिया।
उन्होंने कहा कि बजरंग दल के लोग बताएं कि वे RSS प्रमुख मोहन भागवत को मानते हैं या नहीं। मोहन भागवत इंग्लैंड में जाकर कहते हैं कि जो मुसलमानों को सताता है या प्रताड़ित करता है, वह हिंदू नहीं हो सकता। भागवत यह भी कहते हैं कि भारत के सभी लोगों का DNA एक है। ऐसे में फिर विरोध क्यों किया जाता है।