नाला बंद करने से सैकड़ों बीघा धान की फसल डूबी, ग्रामीणों ने लगाया 8 लोगों पर आरोप; अंचल अधिकारी ने की जांच।
औरंगाबाद / रफीगंज, 13 अगस्त |
24NewsLive
औरंगाबाद जिले के रफीगंज प्रखंड अंतर्गत अचूकी गांव में नाला अवरुद्ध होने से किसानों पर दोहरी मार पड़ी है। कुछ लोगों द्वारा गांव के मुख्य नाले को बंद कर दिए जाने से सैकड़ों बीघा खेत पानी में डूब गए हैं और धान की फसल बर्बाद होने के कगार पर पहुंच गई है। जलजमाव से गांव के सखीचन मांझी का घर भी प्रभावित हो गया है।
*इन लोगों पर लगा आरोप*
ग्रामीणों के अनुसार गांव से गुजरने वाले छोटे नाले को रामरूप यादव, उमेश यादव, राजदेव यादव, छोटन भइया, करू ठाकुर, मुनारी यादव, सोहराय यादव, कामदेव पासवान समेत अन्य लोगों द्वारा कथित रूप से मिट्टी डालकर अवरुद्ध कर दिया गया है। इससे पानी का निकास पूरी तरह बंद हो गया है।
किसानों ने बताया कि इस साल बारिश कम होने से वैसे ही रोपनी में परेशानी हुई थी। जैसे-तैसे रोपनी करने के बाद अब खेतों में अत्यधिक पानी जमा होने से फसल सड़ने लगी है।
*शिकायत पर पहुंचे अंचल अधिकारी*
ग्रामीणों की शिकायत पर गुरुवार को रफीगंज अंचल के अधिकारी गांव पहुंचे। उन्होंने मौके पर जलजमाव और नाले की स्थिति का जायजा लिया और रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की।
पीड़ित किसान सखीचन मांझी सहित अन्य किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नाले को खुलवाकर जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए, ताकि बची हुई फसल को बचाया जा सके।
#RafiGanjNews #AurangabadBihar #Achuki #WaterLogging #FarmerIssue #BiharNews #24NewsLive