*प्रेस विज्ञप्ति*
समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय
दिनांक : 20 अगस्त 2026
*आईसीडीएस एवं मिशन शक्ति योजना की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित*
*आंगनबाड़ी केंद्रों पर पेयजल, शौचालय एवं विद्युत सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश*
*पीएम जनमन योजना के तहत कुमारखंड में 5 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भूमि चिन्हित करने का निर्देश*
मधेपुरा, *20 अगस्त 2026* । जिला समाहरणालय स्थित न्यू एन.आई.सी. हॉल में गुरुवार को जिलाधिकारी श्री अभिषेक रंजन (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में आईसीडीएस एवं मिशन शक्ति योजना की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आईसीडीएस अंतर्गत संचालित सभी छह सेवाओं के साथ-साथ प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्रों के निरीक्षण तथा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय एवं विद्युत सुविधा की उपलब्धता सहित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
*आंगनबाड़ी केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर*
समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं को निर्देश दिया कि जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर पेयजल, शौचालय एवं विद्युत की सुविधा सुनिश्चित की जाए। इसके लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने विवादित भूमि वाले आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए संबंधित अंचलाधिकारियों से समन्वय कर वैकल्पिक भूमि चिन्हित करने का निर्देश दिया, ताकि भवन निर्माण की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो।
*पीएम जनमन योजना के तहत 5 स्थानों पर भूमि चिन्हित करने का निर्देश*
प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन योजना) के तहत आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, कुमारखंड को पांच स्थानों पर आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण हेतु शीघ्र भूमि चिन्हित करने का निर्देश दिया।
*पोषण ट्रैकर एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा*
बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत बाल विकास परियोजना पदाधिकारी स्तर पर लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
साथ ही पोषण ट्रैकर पर पंजीकृत सभी लाभुकों का शत-प्रतिशत FRS (फेस रिकॉग्निशन सिस्टम) सुनिश्चित करने तथा FRS के माध्यम से THR (टेक-होम राशन) का वितरण करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
*मिशन शक्ति योजना के तहत पालना संचालन शीघ्र शुरू करने का निर्देश*
बैठक में महिला एवं बाल विकास निगम अंतर्गत संचालित मिशन शक्ति योजना की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पुलिस लाइन, मधेपुरा में पालना का संचालन यथाशीघ्र प्रारंभ कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया, ताकि आवश्यकता के अनुरूप लाभार्थियों को इसका समुचित लाभ मिल सके।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आईसीडीएस एवं मिशन शक्ति से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में अंतर-विभागीय समन्वय, नियमित अनुश्रवण एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी लाभ आमजन एवं पात्र लाभुकों तक पहुंच सके।
बैठक में सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा), कार्यपालक अभियंता (पीएचईडी), जिला समन्वयक, एनएनएम, केंद्र प्रशासक, लैंगिक विशेषज्ञ एवं डेटा एंट्री ऑपरेटर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
11 views | Madhepura, Bihar | Aug 20, 2026