आचार संहिता लगते ही शहर से हटने लगे पोस्टर-होर्डिंग : जालोर में दो चरणों में होगी वोटिंग, पहले फेज में जालोर, सायला व आहोर और दूसरे में भीनमाल-सांचौर। राज्य निर्वाचन आयोग चुनाव ने निकाय चुनाव का शेड्यूल बुधवार को जारी कर दिया है। इसके साथ ही आचार संहिता भी लग गई है। प्रदेश भर में दो चरणों में चुनाव होंगे। चुनावों की घोषणा के साथ शहर से नगर परिषद ने शहर में लगे राजनीतिक और सरकारी योजनाओं के पोस्टरों को हटाने का काम शुरू हो गया है। जालोर में पहले फेज की वोटिंग 9 सितंबर को जालोर नगर परिषद के साथ आहोर और सायला नगर पालिका में होगी। जबकि दूसरे फेज में 11 सितंबर को भीनमाल और सांचौर नगर पालिका के चुनाव होगें। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने कहा- 27 अगस्त को निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन शुरू हो जाएंगे। 3 सितंबर तक नाम वापसी होगी। निकाय प्रमुखों का चुनाव 21 सितंबर को होगा, जबकि उपाध्यक्ष का चुनाव 22 सितंबर को होगा। इसी दिन नगर निगम, नगर परिषदों और नगरपालिकाओं की साधारण सभा की बैठक होगी। बैठक में डिप्टी मेयर, उपसभापति, नगरपालिका उपाध्यक्ष के चुनाव होंगे। निकाय चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही सभी 309 शहरी निकायों में तत्काल प्रभाव से आचार संहिता लागू हो गई। निकाय चुनावों की प्रक्रिया पूरी होने तक आचार संहिता लगी रहेगी।
Jalor, Jalor | Aug 20, 2026