टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत मरीजों के बीच पोषण किट वितरण।
शेखपुरा जिले में चिन्हित टीबी मरीजों के पोषण एवं स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बालाजी इंफ्रा डेवलपमेंट प्राइवेट लिमिटेड, शेखपुरा द्वारा 250 टीबी मरीजों के लिए पोषण किट उपलब्ध कराई गई।
बालाजी इंफ्रा डेवलपमेंट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा उपलब्ध कराई गई पोषण किट का वितरण सदर अस्पताल शेखपुरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया। कार्यक्रम में शेखपुरा विधायक रणधीर कुमार सोनी, डॉ अशोक कुमार सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, शेखपुरा तथा डॉ. नौशाद आलम, उपाधीक्षक सदर अस्पताल शेखपुरा, सदर अस्पताल प्रबंधक धीरज कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विधायक एवं उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा टीबी मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया गया तथा उन्हें नियमित रूप से दवा लेने, चिकित्सकीय परामर्श का पालन करने एवं पौष्टिक आहार का सेवन करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि टीबी का इलाज पूरी तरह संभव है। मरीज नियमित रूप से निर्धारित अवधि तक दवा का सेवन करें और स्वास्थ्य विभाग द्वारा दिए गए परामर्श का पालन करें। मरीजों के उपचार के साथ-साथ उनके पोषण पर ध्यान देना टीबी उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बालाजी इंफ्रा डेवलपमेंट प्राइवेट लिमिटेड, शेखपुरा के इस सामाजिक सरोकार एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। इस प्रकार के सहयोग से टीबी मरीजों को उपचार के साथ आवश्यक पोषण सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी तथा जिले को टीबी मुक्त बनाने के संकल्प को और मजबूती मिलेगी।