छतरपुर। जिले की गौरिहार तहसील के ग्राम बल्दूपुरा (उमरी) में निर्माणाधीन पुल के बह जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। गांव निवासी पप्पून्द्र कुमार पटेल ने कलेक्टर छतरपुर को आवेदन सौंपकर निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है और संबंधित निर्माण कंपनी व ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार, गांव में नदी पर आवागमन के लिए पुल का निर्माण कराया जा रहा था, लेकिन निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। हाल ही में हुई बारिश में पुल बह गया, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। पप्पून्द्र कुमार पटेल का आरोप है कि पुल क्षतिग्रस्त होने के दौरान वह नीचे गिर गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घायल युवक ने बताया कि दुर्घटना के बाद उनके इलाज में अब तक करीब 1 लाख 80 हजार रुपए खर्च हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार से कई बार आर्थिक मदद और इलाज में सहयोग की मांग की गई, लेकिन ठेकेदार न तो उनसे मिलने आए और न ही किसी प्रकार की सहायता की।
पीड़ित का कहना है कि पुल बह जाने से ग्रामीणों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में गांव का संपर्क प्रभावित हो गया है और लोगों का आवागमन जोखिम भरा बना हुआ है।
25 अगस्त 2026 को कलेक्टर कार्यालय में दिए गए आवेदन में पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार निर्माण कंपनी, ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अब ग्रामीणों और पीड़ित परिवार की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है।
Chhatarpur Nagar, Chhatarpur | Aug 26, 2026