छूटे एवं 18-19 आयु वर्ग के मतदाताओं के नाम जोड़ने विशेष अभियान जारी
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
एडीएम ने प्रतिनिधियों से अपील की बीएलए को सक्रिय कर बीएलओ का सहयोग करें
---
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार छूटे हुए एवं 18-19 आयु वर्ग के पात्र मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में शामिल करने के लिए विशेष अभियान 28 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 7, 8 एवं 9 अक्टूबर 2026 को जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र पर विशेष शिविर आयोजित कर एसआईआर में छूटे हुए तथा नवीन पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की कार्यवाही की जा रही है।
इस संबंध में बुधवार को अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विनय द्विवेदी ने जिला पंचायत सभाकक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अभियान में अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को सक्रिय करते हुए बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपील की।
बैठक में बताया गया कि बीएलए के पास एएसडीआर सूची उपलब्ध है। सूची में शामिल मतदाताओं के संबंध में यदि यह पता चलता है कि संबंधित व्यक्ति दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हो गया है, तो ऐसी स्थिति में सीधे फॉर्म-8 के माध्यम से आवश्यक कार्यवाही की जा सकती है। इसके लिए नाम कटवाने हेतु फॉर्म-7 भरने की आवश्यकता नहीं है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पात्र नागरिक अपने नाम को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए ऑनलाइन माध्यम का भी उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए वोटर्स हेल्पलाइन ऐप अथवा वोटर्स पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म-6 भरकर आवेदन किया जा सकता है।
बैठक में चंदला क्षेत्र में अभियान की अपेक्षाकृत कम प्रगति पर विशेष ध्यान देते हुए बीएलए को अधिक सक्रिय होकर अभियान में सहयोग करने की बात कही। साथ ही संबंधित एसडीएम एवं तहसीलदार को अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रहे।
Chief Electoral Officer, Madhya Pradesh. #chhatarpur