17.88 करोड़ की लागत से बना फोरलेन
सिंहस्थ कार्य का लाभ अभी से लेने लगे हैं रहवासी
सुंदरता और हरियाली के कारण सेल्फी प्वाइंट और वाकिंग झोन बना
उज्जैन, 14 अक्टूबर। सिंहस्थ 2028 के लिए हजारों करोड रुपए के कार्य उज्जैन में चल रहे हैं। कार्य प्रगति पर हैं। सड़कों का चौड़ीकरण, पुलों का निर्माण, घाटों का निर्माण, रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण और एलिवेटेड कारिडोर आदि मिलाकर उज्जैन की नई तस्वीर गढ़ने में लगे हैं। जब यह कार्य पूर्ण हो जाएंगे तब धार्मिक नगरी का लुक किसी महानगर से कम नहीं होगा। सिंहस्थ कार्य में सबसे पहले शहर वासियों को 17.88 करोड रुपए की लागत से कोठी पैलेस प्रशासनिक संकुल से देवास रोड और विक्रम नगर को जोड़ने वाले फोरलेन की सौगात मिल चुकी है।
कभी सकरी बामुश्किल टू लेन सड़क की जगह डिवाइडर युक्त फोर लेन सड़क ने ले ली है। सड़क के बीच में डिवाइडर पर प्लांटेशन किया गया है। दोनों ओर लकदक हरियाली फैली है। साथ ही आकर्षक लाइट अलग ही छटा बिखेरती है। कभी उपेक्षित सी यह सड़क अब शहर वासियों के लिए आकर्षण का विषय बन गई है।
सुबह-शाम होते ही सड़क पर घूमने वालों का जमावड़ा होने लगता है, जो देर रात तक चलता है। युवा देर रात तक निडरता से सड़क पर घूमते नजर आते हैं। लोग परिवार सहित यहां सड़क के दोनों ओर लगी बेंचों पर बैठकर फुर्सत से बतियाते हैं और आसपास के पेड़-पौधों पर बैठने वाले पक्षियों का कलरव सुनते हैं। यही नहीं, कोठी संकुल से विक्रम नगर की ओर जाने वाले मार्ग की एक लाइन पर तो शाम को बच्चे स्केटिंग की प्रैक्टिस करते दिख जाते हैं। कुल मिलाकर सुकून और शांति की जगह बना यह रोड सिंहस्थ के कार्यों से उज्जैन शहर में होने वाले बदलाव का एक शुभ संकेत देते हुए नजर आता है। इस सड़क का निर्माण नगर निगम द्वारा किया गया है।
सुकून भरा बड़ा वॉकिंग झोन
कोठी रोड स्थित संकुल से देवास रोड और विक्रम नगर की तरफ 4 लेन बन जाने व रोड के किनारे हरियाली विकसित करने, बेंच लगाकर आकर्षक लाइटिंग हो जाने से सुबह-शाम वाक करने वाले अत्यधिक प्रसन्न हैं। यहां की हरियाली और सुंदरता लोगों का मन मोह लेती है।
पार्श्वनाथ सिटी के रहवासी श्री वात्सल्य सिसोदिया कहते हैं, न केवल आसपास के बल्कि शहर के अंदर रहने वाले लोगों को यह क्षेत्र आकर्षित कर रहा है। एक तरफ बुजुर्ग बेंचों पर बैठे नजर आते हैं तो युवाओं के लिए यह सेल्फी प्वाइंट बन गया है। कोठी पैलेस एक ऐतिहासिक इमारत है, जिसको संग्रहालय में तब्दील किया जा रहा है। शहर के लोग शांत और सुकून की ऐसी जगह पाकर अत्यधिक खुश हैं और वे मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापन करते हैं।
भक्तनगर में रहने वाले श्री मनोहर सोनी कहते हैं कि घूमक्कड़ों के लिए यह नया स्वर्ग है। डॉक्टर मोहन यादव सरकार द्वारा किए जा रहे सिंहस्थ के कार्य जब शहर में पूर्ण होंगे तब उज्जैन की तस्वीर देखते ही बनेगी।
श्री विजय जैन बम्बोरी कहते हैं कि सीनियर सिटीजन के लिए समय बिताने की इससे अच्छी जगह नहीं हो सकती। सुबह-शाम यह होने वाला जमावड़ा इसी बात की गवाही दे रहा है।
वैशाली नगर में रहने वाले श्री ए.एस. राठौर बताते हैं कि वर्षों से इस सड़क के चौड़ीकरण का इंतजार था। अब मुख्यमंत्री ने इस काम को सबसे पहले करवा कर शहर का गौरव बढ़ा दिया है।
श्री ज्ञान सिंह गौतम का कहना है कि सड़क के एक छोटे से हिस्से का जिस तरह से विकास किया गया है, वह लाजवाब है। सुबह और शाम दोनों समय इसके अलग-अलग रूपों के दर्शन होते हैं। यह सड़क हमें दिल्ली और मुंबई महानगरों की सुंदर और विकसित सड़कों की याद दिलाती है। हमें गर्व है कि हमारे शहर में भी ऐसी सुंदर सड़क बन गई है।
Umaria, Madhya Pradesh | Oct 14, 2026