*सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय के तहत बच्चों की सुविधा एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर पदाधिकारियों ने किया विद्यालयों का निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश*
भागलपुर, दिनांक 30 सितंबर 2026:- शिक्षा विभाग, बिहार सरकार द्वारा जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने तथा उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। विद्यालयों में बच्चों की शैक्षणिक, शारीरिक एवं मानसिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इसी क्रम में आज दिनांक 30 सितंबर 2026 को जिले के सभी संबंधित पदाधिकारियों द्वारा उनके द्वारा गोद लिए गए विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पदाधिकारियों ने विद्यालयों की शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा विद्यालय की वर्तमान स्थिति से संबंधित कंडीशन रिपोर्ट/व्यवस्था संबंधी रिपोर्ट की समीक्षा की।
विद्यालय भ्रमण के दौरान पदाधिकारियों द्वारा Parent-Teacher Meeting (PTM) में भी सहभागिता की गई। अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं, विद्यार्थियों की उपस्थिति, पठन-पाठन की स्थिति, अनुशासन, विद्यालय की आवश्यकताओं तथा बच्चों की समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
पदाधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनसे फीडबैक लिया गया तथा उनकी पढ़ाई, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं एवं किसी प्रकार की समस्या के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया गया।
निरीक्षण के दौरान कुछ वरीय पदाधिकारियों द्वारा स्वयं कक्षा में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया गया तथा एक पीरियड लेकर उन्हें पढ़ाया भी गया। पदाधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों के साथ शैक्षणिक विषयों पर चर्चा करते हुए उनकी समझ, रुचि एवं सीखने की प्रक्रिया का जायजा लिया गया। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, समय प्रबंधन, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के महत्व के बारे में भी प्रेरित किया गया।
विद्यालयों में शिक्षकों द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। शिक्षकों से पठन-पाठन की प्रक्रिया, विद्यार्थियों की प्रगति, कमजोर विद्यार्थियों के लिए किए जा रहे विशेष प्रयास तथा विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों के उपयोग के संबंध में जानकारी ली गई। पदाधिकारियों द्वारा शिक्षकों को विद्यार्थियों की व्यक्तिगत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं रुचिकर तरीके से शिक्षण कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, कक्षाओं की स्थिति, बिजली, बैठने की व्यवस्था, शिक्षण सामग्री, पुस्तकालय, खेलकूद एवं अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। जहां कहीं भी किसी प्रकार की कमी अथवा आवश्यकता पाई गई, वहां संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए समयबद्ध तरीके से सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
भागलपुर जिले के 21 सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक व्यवस्था, प्रशिक्षण एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है। संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि विद्यालयों में बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो तथा उन्हें आवश्यक शैक्षणिक सामग्री एवं अन्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
आवासीय संस्थानों/मॉडल विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के संबंध में अभिभावकों को विद्यालय में उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी दी जा रही है। विद्यार्थियों को शिक्षा एवं प्रशिक्षण के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास, अनुशासन एवं अन्य आवश्यक गतिविधियों से भी जोड़ा जा रहा है।
विद्यालयों की नियमित निगरानी एवं निरीक्षण के माध्यम से शिक्षण व्यवस्था में गुणवत्ता, विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता, शिक्षकों की उपस्थिति एवं सहभागिता तथा आधारभूत सुविधाओं की स्थिति का लगातार आकलन किया जा रहा है। बेहतर कार्य करने वाले विद्यालयों एवं शिक्षकों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ कमियों वाले विद्यालयों में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
आगामी शैक्षणिक सत्र में विद्यालयों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “Month of the Student” एवं “Month of the Teacher” का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत चयनित उत्कृष्ट शिक्षक एवं विद्यार्थियों को उनके बेहतर प्रदर्शन, अनुशासन, शैक्षणिक उपलब्धि एवं अन्य उल्लेखनीय कार्यों के लिए पुरस्कृत किया जाएगा।
शिक्षा विभाग, बिहार सरकार द्वारा विद्यालयों में सकारात्मक एवं प्रतिस्पर्धात्मक शैक्षणिक वातावरण विकसित करने, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने तथा शिक्षकों को बेहतर कार्य के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में इस पहल को महत्वपूर्ण कदम के रूप में लिया जा रहा है।
जिला स्तर से विद्यालयों की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा एवं निगरानी जारी रहेगी। सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर आधारभूत सुविधाएं, विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं सुविधा तथा उनके सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जिला जन-सम्पर्क कार्यालय,
भागलपुर
#CMSamrat
#samratchoudhary
4 views | Bhagalpur, Bihar | Oct 1, 2026