नितिन की नवीन कार्यकारिणी का गठन, राजे को उपाध्यक्ष, स्मृति को बनाया राष्ट्रीय महासचिव।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
नई दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा कर दी। लंबे समय से उनकी नई टीम का इंतजार था। नितिन नवीन ने अपनी टीम में कई बड़े बदलाव किए हैं, कई पूर्व मुख्यमंत्रियों को संगठन में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को पार्टी का नया कोषाध्यक्ष बनाया गया है। नितिन नवीन ने इस टीम के गठन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ से भरपूर सहयोग मिलने की बात कही है, इसके लिए उन्होंने भाजपा के इस शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया है। अगले साल के शुरू में देश के पांच राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के मद्देनजर इस टीम की अहमियत काफी बढ़ गई है।
नई टीम में सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को लेकर है, उन्हें संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना उनके राजनीतिक पुनरुत्थान के तौर पर देखा जा रहा है। स्मृति ईरानी भाजपा की तेजतर्रार महिला नेताओं में रही हैं।
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय संगठन में उपाध्यक्ष बनाया गया है, यह भी बड़ा राजनीतिक संकेत है। वसुंधरा राजे लंबे समय से भाजपा की बड़ी नेताओं में रही हैं, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में पार्टी संगठन में उनकी भूमिका सीमित दिखाई देती रही थी। अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी देना पुराने नेतृत्व को पूरी तरह किनारे नहीं करने की रणनीति दिखाता है। राजस्थान में अगले विधानसभा चुनाव लोकसभा चुनाव से पहले होने हैं। ऐसे में राजे का अनुभव पार्टी के लिए उपयोगी हो सकता है।
नई टीम में संदीप पाठक का नाम भी राजनीतिक रूप से काफी दिलचस्प है। आम आदमी पार्टी से जुड़े रहे पाठक का भाजपा संगठन में आना दिल्ली और पंजाब की राजनीति के लिहाज से अहम हो सकता है। संदीप पाठक को कभी अरविंद केजरीवाल के भरोसेमंद संगठनकर्ताओं में माना जाता था।