
जालौन के उरई कलेक्ट्रेट सभागार में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के दौरान IAS अधिकारी रिंकू सिंह राही के कथित बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कार्यक्रम में संबोधन के दौरान उन्होंने शहीद-ए-आजम भगत सिंह के व्यक्तित्व और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को लेकर टिप्पणी की। बयान का वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में उरई के एसडीएम (न्यायिक) रिंकू सिंह राही ने भगत सिंह को लेकर कहा- ‘आज के समय के हिसाब से भगत सिंह सबसे बड़े बेवकूफ थे।’ उन्होंने यह भी कहा कि भगत सिंह कभी अच्छे बच्चे नहीं थे। अधिकारी के इस कथित बयान को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं।
भगत सिंह देश की आजादी के लिए अपना जीवन न्योछावर करने वाले प्रमुख क्रांतिकारियों में शामिल रहे हैं। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर आयोजित सरकारी कार्यक्रम में उनके व्यक्तित्व को लेकर की गई टिप्पणी के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को याद करने और उन्हें श्रद्धांजलि देने का अवसर है।