
रेवाड़ी में एक श्मशान में ओपन जिम,:अंतिम संस्कार के समय बैठने की जगह भी छिनी, 8 लाख रूपये से लगाई गई थी जिम
गांव भाड़ावास में ग्रामीणों को स्वस्थ रखने के लिए बनाई गई ओपन जिम अब सवालों के घेरे में है। पंचायत ने जिस जगह पर यह जिम बनवाई है, वह गांव की श्मशान भूमि है। इतना ही नहीं, जिम के उपकरण उसी टीनशेड के नीचे लगाए गए हैं, जहां अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों के बैठने की व्यवस्था थी। ऐसे में अंतिम संस्कार के दौरान यहां आने वाले लोगों को बैठने के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शाहजहांपुर रोड के किनारे गांव की करीब आधा एकड़ श्मशान भूमि है। यहां वर्षों से अंतिम संस्कार होते आ रहे हैं। परिसर में तीन टीनशेड हैं। इनमें से दो शेड अंतिम संस्कार के लिए और एक शेड लोगों के बैठने के लिए बनाया गया था। करीब चार माह पहले पंचायत ने इसी परिसर में ओपन जिम बनाने का काम शुरू कर दिया। जिम उपकरण लगाने के साथ परिसर में टाइल भी बिछाई गई। इस पूरे काम पर करीब 8 लाख रुपए खर्च होने की बात सामने आई है।
श्मशान घाट में फैली गंदगी, सफाई व्यवस्था भी सवालों में
ओपन जिम के साथ श्मशान भूमि की सफाई व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है। परिसर में जगह-जगह गंदगी और कचरा दिखाई देता है। ऐसे में अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत को जिम पर खर्च करने के साथ श्मशान घाट की नियमित साफ-सफाई और व्यवस्था पर भी ध्यान देना चाहिए।
Rewari, Rewari | Sep 27, 2026