
झाड़ियों और कचरे के ढेर में मिली नवजात बच्ची, रोने की आवाज सुनकर राहगीरों ने बचाया
राजलदेसर। भावनदेसर रोड पर वार्ड 26 व 27 के पास शुक्रवार सुबह झाड़ियों और कचरे के ढेर में एक नवजात बच्ची लावारिस हालत में मिली। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर राहगीर मौके पर पहुंचे और कीकरों व कचरे के बीच पड़ी बच्ची को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को राजलदेसर के राजकीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे रतनगढ़ और फिर चूरू के राजकीय डीबी अस्पताल की मातृ एवं शिशु इकाई में रेफर किया गया। शुक्रवार दोपहर बच्ची को एफबीएनसी वार्ड में भर्ती कर चिकित्सकों की निगरानी में उपचार शुरू किया गया।
2.9 किलो वजन, हालत स्थिर
अस्पताल में जांच के दौरान नवजात का वजन 2.9 किलोग्राम पाया गया। उसका तापमान सामान्य से कुछ कम था। शरीर पर मामूली खरोंच और चोट के निशान भी मिले हैं। चिकित्सकों द्वारा आवश्यक जांच और उपचार किया जा रहा है। फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है।
स्वस्थ होने के बाद बाल कल्याण समिति के समक्ष होगी पेशी
बाल अधिकारिता विभाग की चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना अधिकारी पन्ने सिंह ने बताया कि बच्ची के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया जाएगा। समिति के निर्णय के अनुसार आगे की नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
#tharkiawaazajay #churu #childhelpline #babygirl #ChuruNews
Churu, Churu | Oct 2, 2026