Public App Logo
नौगांव। महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कामाख्या प्रताप सिंह गुरुवार को नगर से लगे ग्राम ददरी पहुंचे। यहां उन्होंने 26 लाख रुपए की लागत से बनने वाले बड़े भाई वाटिका सामुदायिक भवन का भूमि पूजन किया। भवन का निर्माण आरईएस विभाग के माध्यम से कराया जाएगा। भूमि पूजन के दौरान विधायक ने ग्रामवासियों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। विधायक ने कहा कि महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। गांवों में सामुदायिक भवन, विवाह वाटिका सहित सुविधाओं का विस्तार कराया जाएगा। उन्होंने खेल और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कार्य किए जाने की बात कही। विधायक ने बताया कि ग्राम पंचायत टटम, बिलहरी, इमलिया सहित गांवों में भी विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अनूप तिवारी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अंजुल सक्सेना, राजेश यादव, बबलू राजा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन बबलू राजा ने किया। सामुदायिक भवन के भूमि पूजन से ग्रामीणों में खुशी का माहौल रहा और उन्होंने विधायक का आभार जताया। बिजावर विधानसभा की आवाज Kamakhya Pratap Singh PRO Jansampark Chattarpur PRO Bhopal - Chhatarpur Nagar News