
औरंगाबाद के फेसर से सीएसपी संचालक को गोली मारकर तीन लाख की लूट मामले में फरार आरोपी कैमूर से गिरफ्तार
The silence media news
औरंगाबाद/मोहनिया। औरंगाबाद जिले के फेसर थाना क्षेत्र में सीएसपी संचालक को गोली मारकर करीब तीन लाख रुपये नकद, लैपटॉप और अन्य सामान लूटने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को कैमूर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहतास जिले के अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र के अकोढ़ीगोला गांव निवासी पंकज कुमार के रूप में हुई है। वह मदन कुमार का पुत्र बताया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना फेसर थाना क्षेत्र में बढ़ई बिगहा और पिरौटा गांव के बीच हुई थी। बाइक सवार बदमाशों ने सीएसपी संचालक प्रदीप कुमार को रास्ते में रोक लिया था। इसके बाद बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और गोली मारकर घायल कर दिया। वारदात के दौरान बदमाश करीब तीन लाख रुपये नकद, लैपटॉप और अन्य सामान लेकर फरार हो गए थे।
घटना के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए औरंगाबाद के एसपी के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम में मोहनिया और कुदरा थाने की पुलिस के साथ डीआईयू को भी शामिल किया गया। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे मोहनिया के पटना मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को औरंगाबाद पुलिस अपने साथ ले गई है। उससे पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस टीम फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
#thesilencemedianews #aurangabad #bihar #bhabhua #मोहनिया #औरंगाबाद