
स्वतंत्रा दिवस के अवसर पर कर भुगतान में पूर्वी चंपारण का गौरव: तीन विशिष्ट करदाताओं को मिला भामाशाह सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह में बिहार सरकार के माननीय मंत्री ग्रामीण विकास विभाग और सूचना एवं जन संपर्क विभाग सह जिला प्रभारी मंत्री श्री श्रवण कुमार ने प्रदान किया पुरस्कार-सह-सम्मान : आरसी इंटरप्राइजेज प्रथम, आरसी ऑटोमोबाइल्स द्वितीय और अरविंद सर्राफ एंड संस एलएलपी तृतीय
मोतिहारी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूर्वी चंपारण में ईमानदार एवं नियमित कर भुगतान करने वाले व्यवसायियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में वाणिज्य कर विभाग की ओर से महत्वपूर्ण पहल की गई। मोतिहारी के गांधी मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में जिले के नॉन-कॉर्पोरेट श्रेणी के अंतर्गत सर्वाधिक जीएसटी भुगतान करने वाले तीन प्रतिष्ठानों को ‘भामाशाह सम्मान’ से सम्मानित किया गया। बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने चयनित व्यवसायियों को पुरस्कार-सह-सम्मान राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कर योगदान की सराहना की। सम्मान प्राप्त करने वालों में आरसी इंटरप्राइजेज को सर्वाधिक जीएसटी भुगतान के लिए प्रथम पुरस्कार के रूप में 51 हजार रुपये, आरसी ऑटोमोबाइल्स को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 21 हजार रुपये तथा अरविंद सर्राफ एंड संस एलएलपी को तृतीय पुरस्कार के रूप में 11 हजार रुपये की सम्मान राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। राजस्व संग्रह में करदाताओं की अहम भूमिका : राज्य-कर संयुक्त आयुक्त (प्रभारी), मोतिहारी संतोष कुमार ने बताया कि बिहार के राजस्व संग्रह में वाणिज्य कर विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में बिहार सरकार द्वारा वसूल किए गए कुल राजस्व का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा वाणिज्य कर विभाग के माध्यम से संग्रहित हुआ है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विभाग के प्रयासों के साथ-साथ करदाताओं के सहयोग और कर अनुपालन के प्रति उनकी सजगता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि व्यवसायी वर्ग द्वारा समय पर और नियमित रूप से कर का भुगतान करने से सरकार को विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए आवश्यक राजस्व उपलब्ध होता है। ऐसे करदाताओं को सार्वजनिक रूप से सम्मानित करने से समाज में कर भुगतान को लेकर सकारात्मक संदेश जाता है। सम्मान का उद्देश्य स्वैच्छिक कर अनुपालन को बढ़ावा देना : राज्य कर संयुक्त आयुक्त संतोष कुमार ने कहा कि वित्तीय अनुशासन, पारदर्शी कारोबार और समय पर कर भुगतान करने वाले व्यवसायियों को सम्मानित करने का उद्देश्य अन्य व्यवसायियों को भी अपने कर दायित्वों के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि कर भुगतान केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि राज्य के विकास में व्यवसायी समुदाय की महत्वपूर्ण भागीदारी भी है। विभाग की इस पहल से व्यवसायिक समुदाय में स्वैच्छिक कर अनुपालन, पारदर्शी व्यापार व्यवस्था और नियमित जीएसटी भुगतान को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही, इससे अन्य व्यवसायियों को भी बेहतर कर अनुपालन के लिए प्रेरणा मिलेगी। इस दौरान प्रशासनिक एवं वाणिज्य कर विभाग के अधिकारी : स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में जिला पदाधिकारी सौरभ सुमन यादव सहित जिला प्रशासन एवं वाणिज्य कर विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। समारोह में करदाताओं को सम्मानित किए जाने को व्यवसायिक समुदाय के लिए महत्वपूर्ण प्रोत्साहन के रूप में देखा गया। विभाग की ओर से की गई यह पहल ‘कर भुगतान से विकास’ की अवधारणा को मजबूत करने के साथ-साथ जिम्मेदार एवं जागरूक करदाता संस्कृति विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।करदाताओं का सम्मान, राजस्व व्यवस्था में विश्वास और विकास की गति को बढ़ाने वाला संदेश—स्वतंत्रता दिवस पर पूर्वी चंपारण में भामाशाह सम्मान समारोह ने व्यवसायी समुदाय के योगदान को नई पहचान दी।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar