
डेरा सच्चा सौदा के सेवादारों ने पेश की मानवता की मिसाल, 5 महीने से लापता बुजुर्ग को परिवार से मिलवाया
फाजिल्का, 29 सितंबर(सोनू वर्मा): डेरा सच्चा सौदा सिरसा के पूजनीय गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह इंसा जी की पवित्र शिक्षाओं पर चलते हुए ब्लॉक फाजिल्का की साध-संगत ने मानवता भलाई की अनोखी मिसाल पेश की है।
जानकारी देते हुए सच्चे नम्र सेवादार गुरदीप सिंह पटवारी इंसा ने बताया कि फाजिल्का में सड़क किनारे एक बुजुर्ग बेहाल हालत में मिला था, जो पिछले कई दिनों से सड़क पर ही गुजारा कर रहा था। सेवादार उसे तुरंत एमएसजी डेरा सच्चा सौदा और मानवता भलाई केंद्र फाजिल्का लेकर आए। पूछताछ पर पता चला कि उसका नाम मदन लाल निवासी हिसार (हरियाणा) है और वह पिछले 4-5 महीनों से मानसिक परेशानी के कारण घर से भटक कर फाजिल्का आ गया था।
सेवादारों ने तुरंत उसके परिवार की तलाश कर संपर्क किया। सूचना मिलते ही उसका बेटा संजीव, बेटी सपना निवासी हिसार और दीपराज निवासी श्री गंगानगर फाजिल्का के एमएसजी डेरा सच्चा सौदा और मानवता भलाई केंद्र पहुंचे। आज बुजुर्ग मदन लाल को सही सलामत उसके परिवार के हवाले किया गया।
इस मौके पर परिवार ने डेरा सच्चा सौदा के सेवादारों का तह दिल से धन्यवाद किया।
इस मौके पर फाजिल्का के सच्चे नम्र सेवादार विनीत गिल्होत्रा इंसा, विजय इंसा, एम.एस.जी. आई.टी. विंग के सेवादार आकाश इंसा, रोहित इंसा, रजत इंसा आदि मौजूद थे।