
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में यूपी का शानदार प्रदर्शन, देश में नंबर-1
.
#लखनऊ। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत उत्तर प्रदेश ने रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने के मामले में देश में पहला स्थान हासिल किया है। प्रदेश में अब तक 8.76 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं। इसे सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की बड़ी उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।
इन सौर संयंत्रों के माध्यम से प्रतिदिन 1.32 करोड़ यूनिट से अधिक बिजली उत्पादन हो रहा है। इससे जहां घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली के खर्च में राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं प्रदेश में स्वच्छ और वैकल्पिक ऊर्जा को भी बढ़ावा मिल रहा है। योजना को तेजी से जमीन पर उतारने के लिए यूपीनेडा ने 8,000 से अधिक वेंडर्स को इम्पैनल्ड किया है। इससे रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने की प्रक्रिया को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाने में मदद मिली है।
सोलर सेक्टर में रोजगार के अवसर बढ़े:
रूफटॉप सोलर के बढ़ते विस्तार से सोलर सेक्टर में रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में इस क्षेत्र से एक लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। इसमें सोलर प्लांट की स्थापना, तकनीकी कार्य, रखरखाव और इससे जुड़े अन्य क्षेत्रों में रोजगार शामिल हैं। सरकार का जोर घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर बिजली की जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने पर है। प्रदेश में बड़ी संख्या में रूफटॉप सोलर प्लांट की स्थापना को इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
#TheTelecast
Hardoi, Hardoi | Oct 5, 2026