
बालिकाओं को शिक्षा के प्रति किया जागरूक|
इस स्वतंत्रता दिवस आओ संकल्प ले शहर को निरक्षरता से आज़ादी दिलाने का - डॉ. अर्पिता गुप्ता |
आरएलजी बालिका सशक्तिकरण संस्थान द्वारा खान कॉलोनी बस्ती स्थित आंगनबाड़ी केंद्र 37(2) में निरक्षरता से आजादी विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं एवं महिलाओं को शिक्षा के महत्व से अवगत कराना तथा उन्हें नियमित रूप से विद्यालय जाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में संस्थान संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. अर्पिता गुप्ता ने बच्चों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो व्यक्ति के जीवन को नई दिशा और समाज को नई पहचान देता है। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने सपनों को साकार करने तथा शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यदि हर बच्चा शिक्षित होगा तो हमारा शहर निरक्षरता से मुक्त होकर विकास की नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा।
संस्थान सचिव नीति शर्मा ने उपस्थित महिलाओं एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि परिवार में एक महिला का शिक्षित होना पूरे परिवार के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। शिक्षित महिला न केवल अपने बच्चों के बेहतर भविष्य का निर्माण करती है, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन की भी आधारशिला बनती है।
इस अवसर पर संस्थान द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र को बच्चों की सुविधा के लिए छत पंखा भेंट किया गया। साथ ही बच्चों को किताबें, स्टेशनरी, रंग इत्यादि वितरित कर उन्हें नियमित अध्ययन के लिए प्रोत्साहित किया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया और शिक्षा के प्रति अपनी रुचि व्यक्त की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शीतल बिनावरा ,सहयोगी रेखा मिड्ढा का विशेष सहयोग रहा। सुपरवाइजर सुमन सारण संस्थान के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रिया भार्गव भी उपस्थित रहे|
आरएलजी बालिका सशक्तिकरण संस्थान ने शहरवासियों से आह्वान किया कि वे शिक्षा के इस जनआंदोलन से जुड़ें और इस बार शहर को अशिक्षा से आज़ादी दिलवाएँ,अभियान को सफल बनाकर प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा की रोशनी पहुँचाने में अपना योगदान दें।