
हथीन थाना पुलिस ने चोरी करने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार, 2.04 लाख रुपये की नकदी बरामद।
Aonenews अरविन्द बक्शी
पलवल। पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस के कुशल दिशा-निर्देशन में कार्य करते हुए थाना हथीन पुलिस ने मोटरसाइकिल की डिग्गी से पैसे चोरी करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी से चोरी की गई कुल राशि में से 2,04,000 रुपये बरामद करने में सफलता हासिल की है।
हथीन थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार के अनुसार शिकायतकर्ता ओमप्रकाश निवासी हुडीथल, थाना हथीन, जिला पलवल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका लखनाका में रमला ब्रिक्स उद्योग नाम से ईंट भट्ठा है। गत 24 सितम्बर 2026 को भट्ठे पर ईंटों की पेमेंट के 3,50,000 रुपये आये थे, जो उनके मुनीम ने अपनी मोटरसाइकिल की डिग्गी में रखे थे। कुछ देर बाद डिग्गी का ताला टूटा मिला और उसमें रखे पैसे गायब थे। भट्ठे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर नौकर गुलाब पुत्र फकरुद्दीन, निवासी लखनाका, ताला तोड़कर पैसे चोरी करते हुए दिखाई दिया।
प्राप्त शिकायत के आधार पर थाना हथीन में भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गुलाब को गिरफ्तार किया।
पुलिस द्वारा आरोपी से गहनता से पूछताछ की गई और अदालत से आरोपी का पुलिस रिमांड हासिल किया गया। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने आरोपी द्वारा पलवल आगरा चौक पर स्थित एसबीआई बैंक के एटीएम से अपने खाते में जमा कराए गए 1,98,000 रुपये और छिपाकर रखे गए 6,000 रुपये नकद, इस प्रकार कुल 2,04,000 रुपये की राशि बरामद कर ली।
पुलिस टीम ने मामले की नियमानुसार कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।