
गम्भीरी नदी में डूबे बुजुर्ग का शव बरामद, परिवार में छाया मातम
हरपालपुर। कोतवाली क्षेत्र की गम्भीरी नदी में डूबे 60 वर्षीय सुरेश उर्फ कल्लू का शव शनिवार सुबह बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
भदार गांव निवासी सुरेश उर्फ कल्लू शुक्रवार दोपहर अपनी भैंस चराने गम्भीरी नदी के किनारे गए थे। शाम करीब चार बजे भदार पुल के पास भैंस अचानक नदी में चली गई। सुरेश भैंस की पूंछ पकड़कर नदी पार करने का प्रयास कर रहे थे, तभी पूंछ हाथ से छूट गई और वह गहरे पानी में डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन, पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में तलाश शुरू की। क्षेत्राधिकारी हरपालपुर प्रवीण कुमार यादव ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। शुक्रवार देर शाम तक काफी तलाश के बावजूद बुजुर्ग का कोई पता नहीं चल सका।
शनिवार सुबह करीब छह बजे घटनास्थल से लगभग 200 मीटर दूर नदी में सुरेश का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हरपालपुर के प्रभारी निरीक्षक संदीप शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सुरेश उर्फ कल्लू अपने पीछे पत्नी रामबेटी, दो पुत्र और तीन पुत्रियों समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Bilgram, Hardoi | Aug 16, 2026