Public App Logo
#बीकानेर क्षेत्र में एटीएम कैश वैन लूट का खुलासा, 51 लाख की वारदात में कस्टोडियन समेत दो गिरफ्तार #नोखा के पांचू थाना क्षेत्र में 5 अगस्त को हुई 51 लाख रुपये की एटीएम कैश वैन लूट की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में कैश वैन कस्टोडियन विक्रमसिंह और श्यामसुंदर जाट को गिरफ्तार किया है। वहीं, आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई रकम में से 46 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन, एएसपी बीएल मीना और नोखा सीओ जरनैल सिंह के सुपरविजन में पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त को सारुंडा रोड पर हथियार दिखाकर कैश वैन के कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी गई और कैश बॉक्स से 51 लाख रुपये लूट लिए गए थे। जांच के दौरान पुलिस को वारदात में कैश वैन के कस्टोडियन विक्रमसिंह की भूमिका संदिग्ध मिली। पूछताछ में सामने आया कि विक्रमसिंह CMS इंफोसिस्टम लिमिटेड में कस्टोडियन के रूप में कार्यरत था और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की साजिश रची थी। आरोप है कि उसने नोखा के एटीएम में कैश लोड करने के बजाय योजनाबद्ध तरीके से कैश वैन को दूसरी दिशा में ले जाकर वारदात को अंजाम दिलाया। पुलिस ने सोमवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान श्यामसुंदर जाट ने लूट की रकम छिपाने की जगह के बारे में जानकारी दी। इसके बाद मंगलवार अलसुबह पुलिस टीम ने दावा गांव की रोही में झाड़ियों के बीच दबिश दी, जहां एक प्लास्टिक की बाल्टी में छिपाकर रखी गई नोटों की गड्डियां बरामद हुईं। बाल्टी से 500 और 100 रुपये के नए नोटों की गड्डियां मिलीं। पुलिस ने गिनती के बाद कुल 46 लाख रुपये नकद बरामद किए। लूटी गई रकम का इतना बड़ा हिस्सा बरामद होना इस मामले की जांच में पुलिस की अहम सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों और लूट की शेष रकम की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों से लूट की पूरी साजिश, अन्य आरोपियों की भूमिका और रकम के बंटवारे को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। नोखा क्षेत्र में हुई इस बड़ी नकदी लूट के मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लाखों रुपये की बरामदगी को बड़ी सफलता माना जा रहा है। - Bikaner News