
बारुण CHC ने रचा इतिहास: 88% अंक के साथ बिहार में अव्वल, तीन स्वास्थ्य केंद्र राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन की दौड़ में। #aaptaknewspoint1 #hospital #barun #aurangabad #BiharNews
औरंगाबाद: जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र से बड़ी उपलब्धि सामने आई है। राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार की ओर से जारी राज्य स्तरीय मूल्यांकन रिपोर्ट में जिले के तीन स्वास्थ्य संस्थानों—सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बारुण, देव और ओबरा—को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन प्रमाणन (NQAS) के लिए चयनित किया गया है।
इस मूल्यांकन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बारुण ने 88 प्रतिशत अंक हासिल कर पूरे राज्य में सर्वाधिक अंक प्राप्त किए हैं। यह उपलब्धि स्वास्थ्य संस्थान में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और बेहतर प्रबंधन को दर्शाती है।
वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओबरा को 80 प्रतिशत और देव को 75 प्रतिशत अंक मिले हैं। राज्य स्तरीय मूल्यांकन के दौरान स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, दवा एवं जांच सेवाएं, मरीजों की सुरक्षा, संसाधनों की उपलब्धता और संस्थान के समग्र प्रबंधन समेत विभिन्न मानकों की जांच की गई।
अब चयनित तीनों स्वास्थ्य संस्थानों को राष्ट्रीय स्तर के मूल्यांकन के लिए आवेदन करना होगा। इसके बाद राष्ट्रीय टीम द्वारा किए जाने वाले मूल्यांकन के आधार पर अंतिम गुणवत्ता प्रमाणन प्रदान किया जाएगा।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक मो. अनवर आलम ने इसे स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता सुधार की निरंतर पहल का परिणाम बताया। वहीं, जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने उपलब्धि पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मियों को बधाई दी।
बारुण CHC के 88 प्रतिशत अंक हासिल कर राज्य में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने से जिले के स्वास्थ्य विभाग की उपलब्धि और भी खास हो गई है।