
वाराणसी एयरपोर्ट के अंदर चली गोली, 2 कर्मचारी घायल; शिवसेना के पूर्व पार्षद की पिस्टल से हुआ फायर, आजमगढ़ से मुंबई जा रहा था!
वाराणसी एयरपोर्ट पर रविवार सुबह हथियार की जांच के दौरान एक यात्री से गोली चल गई। इससे महिला समेत दो कर्मचारी घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।
एयरपोर्ट निदेशक के मुताबिक, घटना सुबह करीब 9:30 बजे हुई। यात्री पत्नी के साथ IX-1810 फ्लाइट से मुंबई जा रहा था। उसने विमान में ले जाने वाले हथियार को पहले ही डिक्लेयर किया था।
हथियार की जांच के दौरान उससे एक राउंड फायर हो गया। स्थानीय पुलिस को सूचना दे दी गई है। यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
• वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (बाबतपुर) के डायरेक्टर पुनीत गुप्ता ने बताया- जीयनपुर (आजमगढ़) के रहने वाले कमलेश राय पत्नी के साथ एयरपोर्ट पहुंचे थे। दोनों साढ़े 11 बजे की एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से मुंबई जाने वाले थे।
• यात्री के पास लाइसेंसी पिस्टल थी। जांच के दौरान उनसे एक राउंड फायर हो गया। गोली पहले फर्श से टकराई और फिर पास में मौजूद महिला कर्मचारी गया निवासी सुमन (32) की जांघ पर लगी। गोली के छर्रे रोहित राज के हाथ में लगे। दोनों का इलाज चल रहा है।
• स्वतंत्रता दिवस के चलते एयरपोर्ट को 11 से 20 अगस्त तक हाईअलर्ट जोन घोषित किया गया था। इसके बावजूद फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया है। एडीसीपी गोमती जोन समेत पुलिस अधिकारी और इंटेलीजेंस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
आजमगढ़ जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले कमलेश राय मुंबई में शिवसेना के नगरसेवक रह चुके हैं। वर्तमान में उनका बेटा नगरसेवक है। बाबू शिव पत्थर राय स्नातकोत्तर नाम से महाविद्यालय चलाते हैं। वह इसके प्रबंधक हैं। कमलेश की मां प्रधान हैं। हमेशा दो बॉडीगार्ड साथ लेकर चलते हैं।
एयरपोर्ट पर सिक्योरिटी स्कैनर कर्मी रोहित ने बताया कि सुमन के साथ हथियार की जांच के लिए एक्स-रे करने काउंटर पर पहुंचा था। यात्री ने अपनी पिस्टल निकाली। उसमें पहले से गोली लोड थी। चेकिंग के दौरान यात्री ने ट्रिगर दबा दिया। उस समय सुमन ठीक सामने थीं, इस वजह से गोली सुमन के पैर में लगी, जबकि मेरे पैर में छर्रे लग गए। रोहित का कहना है कि यात्री ने जानबूझकर ट्रिगर दबाया या गलती से ऐसा हुआ, यह नहीं बता सकता।