
पीलीबंगा: कार की चाबी देने से इनकार पर कृषि उपकरण छीने, जान से मारने की धमकी देने पर तीन के खिलाफ मामला दर्ज
लालबहादुर भाखर
पीलीबंगा (हनुमानगढ़)।
पीलीबंगा थाना क्षेत्र के जाखड़ांवाली गांव में कार की चाबी देने से मना करने पर हिस्ट्रीशीटर समेत तीन जनों द्वारा ट्रैक्टर से कृषि उपकरण जबरन ले जाने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट में पीड़ित भजनलाल ने बताया कि 27 सितंबर की सुबह आरोपी राकेश, संदीप और रामकिशन उसके घर पहुंचे और कार की चाबी मांगने लगे। भजनलाल द्वारा चाबी देने से मना करने पर तीनों आक्रोशित हो गए। इसके बाद आरोपियों ने रामकिशन के ट्रैक्टर से करीब 40 हजार रुपये की कीमत का शीलर, सब्बल और बर्मा जबरन जोड़ लिया और ले जाने लगे। जब भजनलाल ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसे और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी।
परिवादी का आरोप है कि मुख्य आरोपी राकेश हिस्ट्रीशीटर प्रवृत्ति का है और उसने करीब 7 महीने पहले भी उसके साथ मारपीट करवाई थी। इसके अलावा अन्य आरोपी संदीप के खिलाफ भी पूर्व में मामले दर्ज हैं। परिवादी ने आरोपियों से अपने और परिजनों के जान-माल पर खतरा जताते हुए कानूनी सुरक्षा व सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।
थाना पुलिस ने मामले में विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक चैनदान को सौंपी है।