
एम डी सी सेक्टर 5 पंचकूला में जिस पार्क में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने पौधारोपण किया था वो पार्क जंगल बना- ओ पी सिहाग
नगर निगम मेयर को पंचकूला को सिंगापुर या पेरिस बनाने की बड़ी बड़ी डींगे हांकने की बजाय कम से कम इस बदहाल पार्क की सुध लेनी चाहिए।
पंचकूला, 19 सितंबर: नगर निगम पंचकूला के नवनिर्वाचित मेयर पंचकूला को आने वाले सालों में सिंगापुर तथा पेरिस बनाने के बड़े बड़े दावे आजकल मीडिया में कर रहे हैं । जिस पार्टी से मेयर संबंधित है कुछ महीनों पहले उस पार्टी की नई नवेली प्रदेश अध्यक्ष बनी डॉ अर्चना गुप्ता ने प्रदेश में अपने पहले सार्वजनिक कार्यक्रम में पंचकूला के वार्ड नंबर 2 एम डी सी सेक्टर 5 में पेट्रोल पंप के साथ वाले पार्क में पौधारोपण का कार्य करके अपने कार्य की शुरुआत की थी। इस बारे चर्चा करते हुए जजपा पंचकूला ज़िला अध्यक्ष ओ पी सिहाग ने कहा कि पौधारोपण के उस कार्यक्रम में मेयर सहित पंचकूला ज़िला के बीजेपी के बड़े पदाधिकारी , पूर्व विधानसभा अध्यक्ष , जिला प्रशासन एवं नगर निगम प्रशासन के तमाम अधिकारियों ने भी पौधारोपण किया था तथा इस भव्य कार्यक्रम के गवाह बने थे।
जजपा ज़िला अध्यक्ष ओ पी सिहाग ने आज उस पार्क का दौरा किया तथा उस पार्क की दुर्दशा एवं बदहाली देखकर वो हैरान रह गए। वहां पार्क नाम कोई चीज नजर नहीं आई पूरे पार्क में बड़ी बड़ी झाड़ियों एवं कॉंग्रेस घास ने कब्जा कर रखा है तथा य़ह पार्क लोगों के लिए खुले में शौच जाने का स्थान बन गया है।ओ पी सिहाग ने नगर निगम मेयर श्याम लाल बंसल पर तंज कसते हुए कहा कि पंचकूला को पेरिस या सिंगापुर बनाने की बड़ी बड़ी बातें करने से पहले अपनी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष द्वारा लगाए गए पौधे की सम्भाल कर ले तथा जंगल बन चुके पार्क की सुध लेकर उसका जीर्णोद्धार करवाने का काम करे।
Ambala, Ambala | Sep 20, 2026