
खोड़ोवाला ब्लॉक के सालवाला स्कूल का खेलों में दबदबा:ओमप्रकाश
रेसलिंग में टीम चैंपियन, जूडो में दूसरा और हैंडबॉल में भी हासिल किया द्वितीय स्थान
देशआदेश पांवटा साहिब।
खोड़ोवाला ब्लॉक के उच्च विद्यालय सालवाला के खिलाड़ियों ने पांवटा साहिब के एरुडाइट पब्लिक स्कूल में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने पदकों के साथ टीम स्तर पर भी बेहतरीन उपलब्धियां हासिल की हैं। सालवाला स्कूल के पीईटी शिक्षक ओमप्रकाश शर्मा शमवाल ने यह जानकारी दी है।
उन्होंने आगे कहा कि रेसलिंग (कुश्ती) में सालवाला स्कूल की टीम ने 3 स्वर्ण, 4 रजत और 1 कांस्य पदक जीतकर टीम चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। वहीं जूडो में खिलाड़ियों ने 1 स्वर्ण, 4 रजत और 1 कांस्य पदक हासिल करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इसी तरह हैंडबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया।
बास्केटबॉल टीम ने भी बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय परिवार की ओर से सभी विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
विद्यालय ने खिलाड़ियों की सफलता को उनके प्रयास, परिश्रम और विजय का परिणाम बताया।