
बार्सिलोना में रेफरी की भूमिका निभाकर लौटीं पूजा राठौड़ का ग्रामीणों ने किया स्वागत
खारी बेरी। ग्राम पंचायत खारी बेरी की निवासी पूजा राठौड़ के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्हीलचेयर हैंडबॉल प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका निभाकर लौटने पर ग्रामीणों ने उत्साह के साथ स्वागत किया। गांव पहुंचने पर खेल प्रेमियों, परिवारजनों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देकर सम्मानित किया।
युगल सिंह भाटी ने बताया कि पूजा राठौड़ पत्नी सुरेंद्र सिंह भाटी महात्मा गांधी विद्यालय बीजेएस में पीटीआई के पद पर कार्यरत हैं। उनका चयन अंतरराष्ट्रीय व्हीलचेयर हैंडबॉल वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 के लिए रेफरी के रूप में हुआ था। बार्सिलोना, स्पेन में 16 से 20 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने रेफरी की जिम्मेदारी निभाई।
प्रतियोगिता में भाग लेने के बाद गांव लौटने पर ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। खुली गाड़ी में बैठाकर गांव में जुलूस निकाला गया। इस दौरान ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और उत्साह के साथ पूजा राठौड़ का स्वागत किया तथा उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई।
स्वागत कार्यक्रम में पंचायत समिति सदस्य भगवान सिंह राठौड़ तेना, कैप्टन अमर सिंह इंदा बालेसर सहित कई ग्रामीण और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। लोगों ने कहा कि पूजा राठौड़ ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी भूमिका निभाकर गांव और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।