
कक्षा 1 से 8 तक स्कूल समय घटाने की मांग, मंत्री को सौंपा ज्ञापन
.
#हरदोई। भीषण गर्मी और उमस को देखते हुए राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ हरदोई की टीम ने आबकारी एवं मद्य निषेध मंत्री नितिन अग्रवाल से मुलाकात कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। महासंघ ने कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों का संचालन समय पुनः सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक किए जाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश के विभिन्न जनपदों में इन दिनों भीषण गर्मी एवं अत्यधिक उमस का प्रकोप है। ऐसे मौसम में छोटे बच्चों का दोपहर 2 बजे तक विद्यालय में रहना कठिन और कष्टदायक हो रहा है। पूर्व में विद्यालयों का संचालन सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक होता था, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण विद्यार्थियों की शैक्षिक क्षति की भरपाई के उद्देश्य से समय में एक घंटे की अस्थायी वृद्धि करते हुए इसे दोपहर 2 बजे तक किया गया था।
महासंघ का कहना है कि यह व्यवस्था अब तक जारी है, जबकि वर्तमान मौसम में अतिरिक्त एक घंटे का विद्यालय समय छोटे बच्चों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। विशेषकर ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में अनियमित विद्युत आपूर्ति के कारण पंखे और अन्य विद्युत उपकरण सुचारु रूप से नहीं चल पाते हैं। इससे बच्चों के स्वास्थ्य, एकाग्रता और पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
जिला संयोजक सचिन मिश्रा ने कहा कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सुगम अध्ययन को प्राथमिकता देते हुए विद्यालयों का समय पुनः सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया जाना चाहिए। इससे प्रदेश के लाखों छोटे विद्यार्थियों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी। मंत्री नितिन अग्रवाल ने प्रतिनिधिमंडल की बात को गंभीरता से सुनते हुए ज्ञापन को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर अनिल दीक्षित, विद्या निधि मिश्र, अमित शुक्ला, राजेश कुमार, प्रदीप त्रिवेदी, दिव्यांशु मिश्र, अरुण बाजपेई, अनुपम अग्निहोत्री, श्रीकांत पांडेय, विनीत अग्निहोत्री, तिरुपति आर्या, अमित शर्मा, आशीष कुमार, पवन गुप्ता समेत अन्य शिक्षक साथी मौजूद रहे।
#TheTelecast
Hardoi, Hardoi | Aug 14, 2026